भिवानी में खुले पैसों के विवाद पर खूनी झड़प, 7 लोग घायल रोहतक गेट में दो पक्षों में चाकू-फरसे चले, घर में तोड़फोड़
भिवानी के रोहतक गेट स्थित कृपा राम की ढाणी में खुले पैसे को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। चाकू, फरसे और डंडों से हुए हमले में 2 महिलाओं समेत 7 लोग घायल हो गए।
■ भिवानी के रोहतक गेट की कृपा राम की ढाणी में दो पक्ष आमने-सामने आए
■ चाकू, फरसे और डंडों से हमला; 2 महिलाओं सहित 7 लोग घायल
■ खुले पैसे को लेकर शुरू हुआ विवाद, पुलिस ने जांच शुरू की
भिवानी शहर के रोहतक गेट स्थित कृपा राम की ढाणी में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर चाकू, फरसे और डंडों से हमला कर दिया। इस झगड़े में दो महिलाओं समेत कुल 7 लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हथियारों से हमला करने और मारपीट के आरोप लगाए हैं।
झगड़े में 7 लोग घायल
इस झगड़े में एक पक्ष के तीन और दूसरे पक्ष के चार लोग घायल हुए हैं। घायलों में रोहतक गेट की कृपा राम की ढाणी निवासी करीब 50 वर्षीय मुकेश, उनकी पत्नी सुधा और 18 वर्षीय भतीजा नीरज शामिल हैं।
वहीं दूसरे पक्ष के करीब 55 वर्षीय कृष्णा, 58 वर्षीय प्रेम प्रकाश, 27 वर्षीय रविंद्र और 32 वर्षीय प्रमोद घायल हुए हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।घायल प्रेम प्रकाश के अनुसार वह रोहतक गेट पर दुकान चलाते हैं। गुरुवार शाम को एक युवक उनकी दुकान पर खुले पैसे करवाने के लिए आया था। जब उन्होंने उससे पूछा कि पैसे खुद के लिए चाहिए या किसी और के लिए, तो युवक ने खुद के लिए बताकर पैसे ले लिए।
आरोप है कि बाद में युवक ने जाकर कहा कि दुकानदार ने उससे अपमानजनक तरीके से बात की है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।
घायल पक्ष का आरोप है कि रात करीब 10 बजे 8-10 लोग उनके घर में घुस आए और दरवाजों व सामान में तोड़फोड़ शुरू कर दी। हमलावरों ने ईंट-पत्थरों के साथ फरसा, लोहे की रॉड और चाकू से हमला किया, जिससे कई लोग घायल हो गए।घायल कृष्णा का कहना है कि हमलावरों ने पूरे परिवार के साथ मारपीट की और जाते समय धमकी देकर गए कि उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकते।
घायल पक्ष ने यह भी आरोप लगाया है कि हमलावरों में एक पुलिस कर्मी भी शामिल था, जो उन्हें धमकी दे रहा था। हालांकि पुलिस ने अभी इस आरोप की पुष्टि नहीं की है।दूसरे पक्ष के मुकेश का कहना है कि उसका भतीजा नीरज 500 रुपए खुले करवाने के लिए दुकान पर गया था। वहां कहासुनी हो गई। बाद में बातचीत के बहाने उसे बुलाकर मारपीट की गई।
जब वह बीच-बचाव के लिए पहुंचा तो उसके साथ भी मारपीट की गई, जिसमें उसे, उसकी पत्नी और भतीजे को चोटें आईं।
जांच अधिकारी SI नसीब सिंह ने बताया कि कृपा राम की ढाणी में झगड़े की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। दोनों पक्षों के घायलों को अस्पताल भेजा गया है।
उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
shubham