हरियाणा में चलती बस से गिरी महिला, मौत के बाद ड्राइवर पर केस दर्ज

चरखी दादरी जिले में गांव पालड़ी बस अड्डे पर चलती प्राइवेट बस से गिरकर महिला की मौत हो गई। परिजनों ने ड्राइवर पर लापरवाही का आरोप लगाया, पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।

हरियाणा में चलती बस से गिरी महिला, मौत के बाद ड्राइवर पर केस दर्ज
इंटरनेट फोटो

➤ चरखी दादरी में चलती बस से गिरकर महिला की मौत
➤ ड्राइवर पर लापरवाही का आरोप, केस दर्ज
➤ मृतका दो बच्चों की मां, परिवार पर संकट

चरखी दादरी जिले के नेशनल हाईवे-148 बी पर दर्दनाक हादसा सामने आया है। गांव पालड़ी बस अड्डे के पास एक 36 वर्षीय महिला चलती प्राइवेट बस से गिरकर मौत का शिकार हो गई। मृतका की पहचान गांव पालड़ी निवासी सुनीता के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक सुनीता मेहनत-मजदूरी का काम करती थी और सोमवार को वह महेंद्रगढ़ में प्याज के गोदाम पर मजदूरी करने गई थी। शाम को वह प्राइवेट बस से घर लौट रही थी। जैसे ही बस पालड़ी बस अड्डे के पास पहुंची, कंडक्टर ने आवाज लगाई कि "पालड़ी की सवारियां खिड़की पर हो जाएं।" इसी दौरान सुनीता खिड़की पर आ गई।

परिजनों का आरोप है कि बस ड्राइवर ने एक बार बस को धीमा किया और तुरंत बाद अचानक चला दिया। इसी वजह से सुनीता सड़क पर गिर गई और उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उसे चरखी दादरी सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही झोझू कलां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज किए। मृतका के भाई संदीप ने आरोप लगाया कि उसकी बहन की मौत बस ड्राइवर की लापरवाही के कारण हुई। पुलिस ने संदीप की शिकायत पर ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

परिजनों ने बताया कि सुनीता दो बच्चों की मां थी। उसका 6 साल का बेटा और 8 साल की बेटी है। पति पूरी तरह स्वस्थ नहीं हैं, इस कारण परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। अब उसकी मौत से परिवार पर बड़ा संकट खड़ा हो गया है।