CJI सूर्यकांत 9 जनवरी को हिसार दौरे पर : गवर्नमेंट कॉलेज लौटेंगे CJI, जहां से की थी ग्रेजुएशन

CJI सूर्यकांत 9 जनवरी को हिसार और हांसी के दौरे पर आ रहे हैं। वह गवर्नमेंट कॉलेज हिसार में एलुमनी मीट में भी शामिल होंगे।

CJI सूर्यकांत 9 जनवरी को हिसार दौरे पर : गवर्नमेंट कॉलेज लौटेंगे CJI, जहां से की थी ग्रेजुएशन

CJI सूर्यकांत 9 जनवरी को हिसार और हांसी के दो दिवसीय दौरे पर
गवर्नमेंट कॉलेज हिसार में एलुमनी मीट, पुराने क्लासरूम नंबर 4 का करेंगे दौरा
हरियाणा सरकार की ओर से CJI के सम्मान में स्टेट डिनर आयोजित



हिसार। चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्यकांत 9 जनवरी को हिसार और हांसी के दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वह न्यायिक, शैक्षणिक और सामाजिक कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। हरियाणा सरकार उनके सम्मान में स्टेट डिनर का आयोजन करेगी।

CJI सूर्यकांत का यह दौरा निजी और भावनात्मक रूप से भी खास है। वह हिसार के गवर्नमेंट कॉलेज पहुंचेंगे, जहां से उन्होंने बीए ऑनर्स की पढ़ाई की थी। इसी कॉलेज में आयोजित एलुमनी मीट में वह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और विद्यार्थियों को मोटिवेशनल स्पीच देंगे।

हिसार गवर्नमेंट कॉलेज की मैगजीन में CJI जस्टिस सूर्यकांत (ऊपर से दूसरी पंक्ति में अंतिम फोटो)।

कॉलेज के प्रिंसिपल विवेक सैनी ने बताया कि CJI के दौरे को यादगार बनाने की तैयारियां चल रही हैं। उन्हें क्लासरूम नंबर 4 में ले जाया जाएगा, जहां वह कॉलेज के दिनों में बैठकर पढ़ाई करते थे। कॉलेज प्रशासन के पास उस दौर की कुछ दुर्लभ तस्वीरें भी हैं, जिन्हें CJI को दिखाया जाएगा।

एलुमनी मीट में CJI के पुराने दोस्तों और सहपाठियों को भी आमंत्रित किया गया है। उनके साथ एक गेट-टुगेदर कार्यक्रम भी रखा गया है। CJI के साथ पढ़े सहपाठियों ने बताया कि वह कॉलेज समय से ही बेहतरीन वक्ता, जौली स्वभाव और बेहद होनहार छात्र रहे हैं।

पूर्व प्रिंसिपल और सहपाठी डॉ. भूपेंद्र सिंह ने बताया कि सूर्यकांत हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में पारंगत थे और कॉलेज स्तर की प्रतियोगिताओं में ट्रॉफी जीतते थे। वहीं एडवोकेट परवीर आर्य और अनिल बंसल ने बताया कि सूर्यकांत शुरू से ही वकालत को लेकर स्पष्ट थे और पढ़ाई के साथ-साथ तर्कशक्ति में भी बेहद मजबूत थे।

CJI के कार्यक्रमों का शेड्यूल


9 जनवरी को CJI हांसी बार एसोसिएशन और हिसार बार एसोसिएशन के कार्यक्रमों में भाग लेंगे। 10 जनवरी को बरवाला और नारनौंद में नवस्थापित एसडीजेएम न्यायालयों के उद्घाटन और न्यायिक परिसरों के शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद पैतृक गांव पेटवाड़ में सम्मान समारोह और अंत में गवर्नमेंट कॉलेज हिसार में एलुमनी मीट में शिरकत करेंगे।