CJI बनने के बाद तीसरी बार हरियाणा पहुंचेंगे सूर्यकांत, रोहतक की धरती पर होगा भव्य सम्मान
देश के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत 14 फरवरी को रोहतक में बार एसोसिएशन के सम्मान समारोह में शामिल होंगे। MDU से एलएलबी करने वाले CJI का यह हरियाणा का तीसरा दौरा होगा।
➤ रोहतक बार एसोसिएशन 14 फरवरी को करेगा अभिनंदन समारोह
➤ MDU से 1984 में की थी एलएलबी, रोहतक को बताया कर्मभूमि
➤ CM नायब सैनी व हाईकोर्ट जज होंगे कार्यक्रम में शामिल
देश के 53वें मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत CJI बनने के बाद तीसरी बार अपने गृह राज्य हरियाणा की धरती पर कदम रखने जा रहे हैं। 14 फरवरी को रोहतक बार एसोसिएशन की ओर से उनका भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम रोहतक कोर्ट परिसर में होगा, जहां प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समेत पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के कई जज भी मौजूद रहेंगे।
इस दौरे को लेकर रोहतक में खासा उत्साह है, क्योंकि जस्टिस सूर्यकांत का इस शहर से भावनात्मक रिश्ता रहा है। उन्होंने 1984 में महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी से एलएलबी की डिग्री हासिल की थी। कॉलेज के दिनों की यादें और रोहतक से जुड़ाव को वे कई मंचों पर साझा कर चुके हैं।
रोहतक को बताया कर्मभूमि, याद किए पुराने दिन
रोहतक बार एसोसिएशन के प्रधान दीपक हुड्डा के अनुसार, जब उन्होंने CJI बनने के बाद सूर्यकांत से मुलाकात की थी, तब उन्हें रोहतक आने का निमंत्रण दिया गया था। जस्टिस सूर्यकांत ने इसे सहर्ष स्वीकार करते हुए रोहतक को अपनी कर्मभूमि बताया और कॉलेज जीवन की कई यादें साझा कीं। रोहतक बार एसोसिएशन स्वयं 137 वर्ष पुरानी संस्था है, जिससे उनका विशेष जुड़ाव रहा है।
वकालत से CJI तक का सफर
एलएलबी के बाद सूर्यकांत ने प्रैक्टिस के लिए अपने गृह जिला हिसार को चुना। बाद में वे चंडीगढ़ जाकर हाईकोर्ट में वकालत करने लगे। वर्ष 2000 में वे हरियाणा के सबसे युवा महाधिवक्ता बने। 24 नवंबर 2025 को उन्होंने देश के 53वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली।
CJI बनने के बाद वे पहली बार 9 और 10 जनवरी को हिसार, हांसी और अपने पैतृक गांव पेटवाड़ पहुंचे थे। दूसरी बार सोनीपत स्थित जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी के कार्यक्रम में शामिल हुए। अब तीसरी बार उनका यह दौरा रोहतक के लिए विशेष महत्व रखता है।
डेढ़ घंटे का कार्यक्रम, खास तैयारियां
कार्यक्रम के तहत दोपहर ढाई बजे जस्टिस सूर्यकांत मंच पर पहुंचेंगे। लगभग एक घंटे का औपचारिक कार्यक्रम होगा, जिसके बाद आधे घंटे का हाई टी सत्र रखा गया है, जहां वे जजों और वकीलों से मुलाकात करेंगे।
बार परिसर की पार्किंग में मुख्य मंच बनाया जा रहा है। वीवीआईपी पार्किंग कोर्ट परिसर में रहेगी, जबकि अन्य लोगों के लिए पुलिस लाइन में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पूरे परिसर को विशेष सजावट से संवारा जा रहा है।
Akhil Mahajan