दिल्ली में बम धमाके की साजिश नाकाम, ISIS से जुड़े आतंकी की गिरफ्तारी

दिल्ली स्पेशल सेल ने दिवाली पर मॉल में धमाका करने की साजिश रचने वाले एटा निवासी अदनान को गिरफ्तार किया है। उसके पास से ISIS से जुड़े सबूत बरामद हुए हैं। पुलिस ने कहा, राजधानी में बड़ा आतंकी हमला टल गया।

दिल्ली में बम धमाके की साजिश नाकाम, ISIS से जुड़े आतंकी की गिरफ्तारी

दिल्ली में बम धमाके की साजिश नाकाम, ISIS से जुड़े आतंकी अदनान की गिरफ्तारी
दिवाली पर मॉल में धमाका करने की थी योजना
मोबाइल और लैपटॉप से आतंकी सबूत बरामद



दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने राजधानी में बम धमाके की बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए एक आतंकी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी अदनान, उत्तर प्रदेश के एटा जिले के किदवई नगर का रहने वाला है, जो करीब चार वर्ष पहले अपने परिवार के साथ दिल्ली शिफ्ट हुआ था। पुलिस के अनुसार अदनान पर आईएसआईएस (ISIS) से जुड़े होने और दिवाली के मौके पर दिल्ली के एक मॉल में धमाका करने की योजना बनाने का आरोप है।

स्पेशल सेल को लंबे समय से उसकी गतिविधियों पर नजर थी। रविवार देर रात की कार्रवाई में अदनान को उसके दिल्ली स्थित आवास से हिरासत में लिया गया। जांच के दौरान पुलिस ने उसके मोबाइल फोन, लैपटॉप और डिजिटल डिवाइस से कई संदिग्ध दस्तावेज़ और चैट्स बरामद किए, जिनसे आतंकवादी संगठन आईएसआईएस के संपर्कों के प्रमाण मिले हैं।

अदनान की डिजिटल फाइलों में विस्फोटक बनाने से संबंधित जानकारी, विदेशी वेबसाइट्स से डाउनलोड किए गए मैटेरियल और मॉल की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े फोटो और वीडियो मिले हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अदनान ने कुछ ऑनलाइन ग्रुप्स के माध्यम से पाकिस्तान और अफगानिस्तान में सक्रिय आईएसआईएस मॉड्यूल से संपर्क किया था।


पूछताछ में खुलासे की उम्मीद
स्पेशल सेल की टीम अब अदनान से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और संभावित सहयोगियों की तलाश में जुटी है। पुलिस ने उसके परिजनों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह गिरफ्तारी दिल्ली में दिवाली के दौरान होने वाले आतंकी हमले को रोकने में बड़ी सफलता साबित हुई है।

जांच अधिकारी के मुताबिक, “अदनान दिल्ली में एक बड़े मॉल को निशाना बनाने की योजना बना रहा था। उसके पास से मिले डाटा में मॉल के मैप और सुरक्षा से जुड़ी जानकारियां मिली हैं।”