‘धुरंधर 2’ ने रचा इतिहास, ‘बाहुबली 2’ को पछाड़ा
‘धुरंधर 2’ ने 1801 करोड़ वर्ल्डवाइड कलेक्शन के साथ ‘बाहुबली 2’ का रिकॉर्ड तोड़ा और दूसरी सबसे बड़ी भारतीय फिल्म बन गई, अब ‘दंगल’ पर नजर।
‘धुरंधर 2’ बनी दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी भारतीय फिल्म
‘बाहुबली 2’ को पछाड़कर बनाया नया रिकॉर्ड
1801.8 करोड़ वर्ल्डवाइड कलेक्शन के साथ मचाया धमाल
आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। ईद 2026 पर रिलीज हुई इस फिल्म ने अब एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म ने एसएस राजामौली की ‘बाहुबली 2’ को पीछे छोड़ते हुए दुनिया की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म का खिताब हासिल कर लिया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के 39वें दिन भी शानदार कमाई जारी रखी। छठे रविवार को फिल्म ने करीब 3.4 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। वहीं छठे वीकेंड पर इसका नेट कलेक्शन लगभग 8 करोड़ रुपये रहा।
भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन बढ़कर 1167.63 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 1377.8 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।
वहीं विदेशों में भी फिल्म का प्रदर्शन जबरदस्त रहा है। फिल्म ने ओवरसीज मार्केट में 424 करोड़ रुपये की कमाई की है। इस तरह कुल मिलाकर फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1801.8 करोड़ रुपये हो गया है।
इस आंकड़े के साथ ही ‘धुरंधर 2’ ने ‘बाहुबली 2’ के करीब 1800 करोड़ के रिकॉर्ड को पार कर लिया है। यह उपलब्धि फिल्म के निर्माताओं और स्टारकास्ट के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है।
हालांकि, भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म का रिकॉर्ड अभी भी ‘दंगल’ के नाम है, जिसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 2059.04 करोड़ रुपये है। ‘धुरंधर 2’ को इस रिकॉर्ड तक पहुंचने के लिए अभी लगभग 254 करोड़ रुपये की और जरूरत है।
फिल्म की कहानी एक स्पाई एक्शन थ्रिलर पर आधारित है, जिसमें आतंकवाद के खिलाफ मिशन को दिखाया गया है। इसमें रणवीर सिंह, संजय दत्त, आर माधवन, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।
pooja