इंस्टाग्राम बहस से गोली तक, दो गुटों की भिड़ंत, फायरिंग चले लाठी -डंडे, एक घायल
फरीदाबाद के तिगांव–घरौड़ा रोड पर दो गुटों में हिंसक झड़प हुई। फायरिंग में एक युवक घायल हुआ, दो को लाठी-डंडों से पीटा गया। विवाद की वजह इंस्टाग्राम बहस बताई जा रही है।
- दो गुटों की भिड़ंत, फायरिंग और लाठी-डंडों से हमला
- एक युवक को गोली लगी, दो गंभीर रूप से घायल
- इंस्टाग्राम पर हुई बहस से भड़का विवाद
फरीदाबाद के तिगांव–घरौड़ा रोड स्थित एक फिलिंग स्टेशन के पास मंगलवार को युवकों के दो गुटों के बीच हुआ विवाद हिंसक टकराव में बदल गया। पहले कहासुनी हुई और फिर मामला इतना बढ़ गया कि फायरिंग और लाठी-डंडों से हमला तक हो गया। इस घटना में एक युवक को गोली लगी, जबकि दो अन्य युवकों को लाठी-डंडों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना छायंसा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। तीनों घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, डंडों से हमला झेलने वाले युवकों के हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से आपसी रंजिश चल रही थी। बताया जा रहा है कि इंस्टाग्राम पर हुई बहस इस विवाद की बड़ी वजह बनी। सोशल मीडिया पर हुई तकरार ने सड़क पर हिंसक रूप ले लिया। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि इस झगड़े में कुछ नाबालिगों की भूमिका भी हो सकती है, जिसकी जांच की जा रही है।
एसीपी अशोक वर्मा ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है, ताकि पूरी घटना की कड़ी से कड़ी जोड़ी जा सके।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई। इसके बाद एक पक्ष ने फायरिंग कर दी, जबकि दूसरे पक्ष ने लाठी-डंडों से हमला कर जवाब दिया। इस घटना ने एक बार फिर शहर में सोशल मीडिया विवादों के सड़क पर हिंसा में बदलने की चिंता को बढ़ा दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
Akhil Mahajan