हरियाणा में खाद्य मंत्री की डिपो होल्डरों को सख्त चेतावनी
फरीदाबाद में खाद्य मंत्री राजेश नागर ने डिपो होल्डरों को राशन वितरण में गड़बड़ी पर लाइसेंस रद्द करने की चेतावनी दी और गैस-पेट्रोल को लेकर फैल रही अफवाहों को खारिज किया।
■ फरीदाबाद में खाद्य मंत्री की डिपो होल्डरों को सख्त चेतावनी
■ राशन में गड़बड़ी पर लाइसेंस रद्द और केस दर्ज होगा
■ गैस-पेट्रोल को लेकर अफवाह फैलाने पर कांग्रेस पर निशाना
हरियाणा के फरीदाबाद में खाद्य मंत्री राजेश नागर ने डिपो होल्डरों को सख्त चेतावनी देते हुए स्पष्ट कहा है कि किसी भी परिवार को उसके हक का राशन नहीं मिला तो संबंधित डिपो संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि राशन वितरण में गड़बड़ी या घपलेबाजी करने वालों का लाइसेंस तुरंत रद्द कर दिया जाएगा और उनके खिलाफ केस भी दर्ज किया जाएगा। मंत्री ने यह भी कहा कि शहर हो या गांव, सरकार की प्राथमिकता है कि हर जरूरतमंद तक पूरा राशन पारदर्शिता के साथ पहुंचे।
मंत्री राजेश नागर ने लोगों से अपील की कि अगर किसी डिपो होल्डर के खिलाफ शिकायत है या विभाग कार्रवाई नहीं कर रहा है, तो वे सीधे उनके कार्यालय में शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर शिकायत पर गंभीरता से संज्ञान लिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने यह भी साफ किया कि उनकी सरकार में भ्रष्टाचार के लिए कोई जगह नहीं है और जो भी नियमों का उल्लंघन करेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
खाद्य मंत्री ने डिपो होल्डरों को चेताते हुए कहा कि जो लोग राशन वितरण में गड़बड़ी कर रहे हैं, वे तुरंत अपनी गलतियां सुधार लें, अन्यथा शिकायत मिलते ही सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार लगातार राशन प्रणाली को मजबूत और पारदर्शी बनाने की दिशा में काम कर रही है ताकि आम जनता को किसी तरह की परेशानी न हो।
इसके साथ ही मंत्री ने गैस और पेट्रोल-डीजल को लेकर फैल रही अफवाहों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के पास पर्याप्त मात्रा में गैस और ईंधन का स्टॉक मौजूद है और किसी तरह की कमी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कुछ लोग जनता में भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। साथ ही चेतावनी दी कि जो लोग कालाबाजारी और जमाखोरी करेंगे, उनके खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा।
shubham