HCS एग्जाम देते फर्जी अभ्यर्थी पकड़ा:अपने साथी की जगह पर दे रहा था पेपर, चेकिंग के दौरान पकड़ा गया
फरीदाबाद में HCS प्रारंभिक परीक्षा 2025 के दौरान बायोमेट्रिक जांच में फर्जी अभ्यर्थी पकड़ा गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू की।
■ HCS परीक्षा में फर्जी अभ्यर्थी पकड़ा गया
■ बायोमेट्रिक जांच में खुली पोल, साथी की जगह दे रहा था पेपर
■ पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया
हरियाणा के फरीदाबाद में आयोजित HCS (Executive & Allied Services) प्रारंभिक परीक्षा 2025 के दौरान बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। परीक्षा केंद्र पर एक युवक को दूसरे अभ्यर्थी की जगह पेपर देते हुए पकड़ लिया गया। इस घटना के बाद प्रशासन और पुलिस तुरंत हरकत में आ गए।
जानकारी के अनुसार, परीक्षा शुरू होने से पहले की जा रही सख्त जांच के दौरान बायोमेट्रिक सत्यापन में गड़बड़ी सामने आई। इसी दौरान एक युवक की पहचान संदिग्ध पाई गई, जिसके बाद उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।
दूसरे की जगह देने पहुंचा था परीक्षा
जांच में सामने आया कि पकड़ा गया युवक विशाल कुमार है, जो किसी अन्य अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देने आया था। पूछताछ में यह भी पता चला कि असली उम्मीदवार परीक्षा केंद्र के आसपास ही मौजूद था।
परीक्षा केंद्र पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बिना देरी किए आरोपी को हिरासत में ले लिया। इसके बाद दूसरे अभ्यर्थी को भी पकड़ लिया गया, जिसके लिए यह फर्जी उम्मीदवार पेपर देने आया था।
80 सेंटर, 22 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी… सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
प्रशासन के मुताबिक, फरीदाबाद में इस परीक्षा के लिए कुल 80 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 22,776 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं। हर केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे, बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन सिस्टम और जैमर लगाए गए हैं।
जिला उपायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि परीक्षा को पारदर्शी और नकलमुक्त रखने के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। किसी भी तरह की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
pooja