हरियाणा में मंदिर-मस्जिद समेत कई निर्माणों पर चला बुलडोजर

फरीदाबाद के NIT क्षेत्र में RRTS कॉरिडोर और एलिवेटेड रोड परियोजना के लिए मंदिर, मस्जिद और अन्य निर्माण हटाए गए। सुरक्षा के मद्देनजर 21 घंटे तक इंटरनेट सेवाएं बंद रहीं।

हरियाणा में मंदिर-मस्जिद समेत कई निर्माणों पर चला बुलडोजर

फरीदाबाद में देर रात मंदिर और मस्जिद समेत कई निर्माणों पर चला बुलडोजर

RRTS कॉरिडोर और एलिवेटेड रोड परियोजना के लिए हटाए गए अवरोध

तनाव की आशंका के चलते 21 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद

फरीदाबाद में शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात नगर निगम प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए NIT क्षेत्र में स्थित एक शिव मंदिर, मस्जिद और कई अन्य अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई देर रात शुरू हुई और शनिवार सुबह तक जारी रही। प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया हुआ है।

प्रशासन के अनुसार यह कार्रवाई प्रस्तावित एलिवेटेड रोड और नमो भारत RRTS कॉरिडोर परियोजना के लिए की गई है। दोनों महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के मार्ग में मौजूद निर्माण बाधा बन रहे थे। नगर निगम की टीम ने मस्जिद चौक और आसपास के क्षेत्र में बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया।

अधिकारियों ने बताया कि मस्जिद चौक के पास से एलिवेटेड रोड का निर्माण प्रस्तावित है। वहीं गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा RRTS कॉरिडोर भी इसी क्षेत्र से गुजरना है। परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए मार्ग में आने वाले ढांचों को हटाना जरूरी था।

नगर निगम का कहना है कि संबंधित मंदिर और मस्जिद प्रबंधन को पहले ही कई बार नोटिस जारी किए जा चुके थे। इसके बावजूद निर्माण नहीं हटाए गए। अधिकारियों के अनुसार कुछ ढांचे पुरातत्व विभाग की जमीन पर बने हुए थे और इनकी उम्र करीब 30 से 40 वर्ष बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान करीब 30 साल पुराने शिव मंदिर को भी हटाया गया।

संभावित तनाव और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। भारी संख्या में पुलिसकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी पूरी रात मौके पर तैनात रहे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी लगाया गया।

हरियाणा गृह विभाग की एडिशनल सेक्रेटरी डॉ. वंदना दिसोदिया द्वारा जारी आदेश के अनुसार सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाहें और भड़काऊ सामग्री फैलने की आशंका को देखते हुए NIT क्षेत्र में इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं। यह प्रतिबंध शनिवार रात 12 बजे से रात 10 बजे तक लागू रहेगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई NGT (नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल) के निर्देशों और विकास परियोजनाओं की आवश्यकताओं के तहत की गई है। इस दौरान कई प्रमुख मार्गों को अस्थायी रूप से बंद रखा गया ताकि अभियान बिना किसी बाधा के पूरा किया जा सके।

फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस ने भी नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। मेट्रो मोड़, ईएसआई चौक, मस्जिद चौक और सैनिक कॉलोनी रेड लाइट की ओर जाने वाले मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू किया गया है। वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार भारी वाहनों को बड़खल, अंखीर चौक, एमवीएन चौक और पाली रोड के रास्ते गुरुग्राम की ओर भेजा जाएगा। वहीं हल्के वाहन बीके चौक, 4-5 चौक, पटेल चौक, बड़खल गांव रोड और सैनिक कॉलोनी मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।