हरियाणा में युवक की चाकू मारकर हत्या, CCTV फुटेज सामने आई गुरुनानकपुरा में नाके के पास हुई वारदात, हमलावर फरार
फतेहाबाद के गुरुनानकपुरा मोहल्ले में 25 वर्षीय संदीप उर्फ दीपा की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पूरी वारदात पुलिस नाके के पास होमगार्ड जवानों के सामने हुई और CCTV फुटेज भी सामने आई है।
■ फतेहाबाद के गुरुनानकपुरा में युवक संदीप उर्फ दीपा की चाकू मारकर हत्या
■ पुलिस नाके पर मौजूद होमगार्ड जवानों के सामने हुई वारदात, CCTV में कैद
■ परिजनों ने पड़ोस के तीन युवकों पर लगाया हत्या का आरोप, पुलिस तलाश में
हरियाणा के फतेहाबाद में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां गुरुनानकपुरा मोहल्ले में युवक संदीप उर्फ दीपा (25) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। हैरानी की बात यह रही कि यह पूरी घटना पुलिस नाके के बिल्कुल पास और होमगार्ड जवानों के सामने हुई, लेकिन वे हमलावरों को रोकने या युवक को बचाने के लिए आगे नहीं आए।
घटना की CCTV फुटेज भी सामने आई है, जिसमें कार में सवार कुछ युवक गली में आते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद उनका संदीप के साथ झगड़ा होता है और कुछ ही देर में मामला हिंसक रूप ले लेता है।फुटेज में दिखाई देता है कि गली में नाका लगा हुआ है और वहां दो होमगार्ड जवान तैनात हैं। इसी दौरान एक कार आकर रुकती है, जिसमें सवार युवक नीचे उतरकर संदीप से बहस करने लगते हैं। कुछ ही देर में आसपास लोगों की भीड़ भी इकट्ठा हो जाती है।
इसी बीच संदीप अपने घर के अंदर जाता है और डंडा लेकर बाहर आता है। इसके कुछ ही पलों बाद हमलावर उस पर चाकू से कई वार कर देते हैं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ता है।सीसीटीवी फुटेज में यह भी नजर आता है कि वहां मौजूद होमगार्ड जवान हमलावरों को रोकने की कोशिश नहीं करते। एक जवान तो फोन पर बात करता दिखाई देता है, जबकि दूसरा दीवार के पास खड़ा रहता है।वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर उनके सामने से ही फरार हो जाते हैं, जिससे पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
मृतक संदीप उर्फ दीपा गुरुनानकपुरा मोहल्ले में अपने ननिहाल में रहता था। उसके माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्य सिरसा में रहते हैं।संदीप के मामा काका सिंह और मामी सुनीता ने बताया कि वह चार बहनों और दो भाइयों में सबसे छोटा था और बचपन से ही उनके पास रह रहा था। उसकी अचानक हुई हत्या से परिवार में गहरा शोक और आक्रोश है।
गुरुनानकपुरा मोहल्ला लंबे समय से नशे के कारोबार के लिए बदनाम रहा है। इसी वजह से एसपी सिद्धांत जैन ने फतेहाबाद में तैनाती के बाद यहां कई जगह स्थायी पुलिस नाके लगवाए थे और वहां पुलिस व होमगार्ड जवानों की ड्यूटी लगाई गई थी।
शहर थाना प्रभारी सुरेंद्रा ने बताया कि यह पूरा घटनाक्रम अचानक हुआ। परिजनों के बयान के आधार पर हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।
shubham