सरकारी अस्पताल में एक्‍स ब्‍वायफ्रेंड का एसिड अटैक: इलाज कराने आई युवती के साथ बैठी महिला गंभीर रूप से झुलसी

जिला नागरिक अस्पताल में इलाज कराने आई 24 वर्षीय युवती पर उसके एक्स-बॉयफ्रेंड ने कथित रूप से एसिड फेंक दिया। हमले में पास बैठी एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सरकारी अस्पताल में एक्‍स ब्‍वायफ्रेंड का  एसिड अटैक: इलाज कराने आई युवती के  साथ बैठी महिला गंभीर रूप से झुलसी

गुरुग्राम जिला नागरिक अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में युवती पर एसिड अटैक
हमले में साथ बैठी पश्चिम बंगाल की महिला बुरी तरह झुलसी, हालत गंभीर
आरोपी एक्स-बॉयफ्रेंड फरार, पुलिस सीसीटीवी खंगालकर कर रही तलाश


गुरुग्राम शहर के जिला नागरिक अस्पताल में रविवार देर रात एक सनसनीखेज एसिड अटैक की घटना सामने आई है। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में इलाज कराने आई 24 वर्षीय युवती पर उसके एक्स-बॉयफ्रेंड ने कथित तौर पर तेजाब फेंक दिया। हमले में युवती तो बच गई, लेकिन उसके पास बैठी पश्चिम बंगाल की एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई। महिला के चेहरे और शरीर के कई हिस्से बुरी तरह जल गए, जिससे उसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।

गुरुग्राम जिला नागरिक अस्पताल। - Dainik Bhaskar

जानकारी के अनुसार 24 वर्षीय युवती रविवार को अपनी मौसी से मिलने के लिए सुभाष नगर आई हुई थी। इसी दौरान एक युवक उसका पीछा करते हुए वहां पहुंच गया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ, जिसके बाद युवक ने युवती के साथ मारपीट भी की। मारपीट के बाद परिजन उसे इलाज के लिए गुरुग्राम जिला नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे।

बताया जा रहा है कि युवती रात करीब साढ़े आठ बजे अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में मौजूद थी, तभी आरोपी युवक वहां पहुंच गया और अचानक उस पर एसिड फेंककर हमला कर दिया। तेजाब के छींटे पास बैठी एक अन्य महिला पर भी पड़ गए, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। घटना के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया

हमले के तुरंत बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। युवती को तुरंत इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं तेजाब की चपेट में आई महिला की हालत भी गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-10 थाना पुलिस अस्पताल पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। हालांकि अभी तक पीड़िता के बयान दर्ज नहीं हो सके हैं, जिसके कारण औपचारिक रूप से केस दर्ज नहीं किया जा सका है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मामले की जांच कर रहे जांच अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि एक महिला पर ज्वलनशील पदार्थ फेंकने की सूचना मिली थी। फिलहाल पीड़िता की स्थिति को देखते हुए बयान नहीं लिए जा सके हैं। पुलिस अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की पहचान कर ली गई है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा