लैब कर्मी को हनीट्रैप में फंसाया, टेस्ट के लिए ब्लड लेने बुलाया और न्यूड वीडियो बनाया फिर , मांगें पांच लाख
ब्लड सैंपल के बहाने लैब कर्मी को हनीट्रैप में फंसाकर न्यूड वीडियो बनाकर 5 लाख रुपए की ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया। पुलिस ने युवती समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
■ ब्लड सैंपल के बहाने लैब कर्मी को फ्लैट पर बुलाकर हनीट्रैप
■ न्यूड वीडियो बनाकर 5 लाख की ब्लैकमेलिंग, 1.63 लाख ऐंठे
■ पुलिस ने युवती समेत तीन आरोपी गिरफ्तार किए
हरियाणा के गुरुग्राम में एक लैब कर्मचारी को हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवती ने ब्लड सैंपल लेने के बहाने उसे अपने फ्लैट पर बुलाया और फिर साथियों के साथ मिलकर उसका न्यूड वीडियो बनाकर 5 लाख रुपए की मांग की। आरोपियों ने पीड़ित से 1.63 लाख रुपए वसूल भी कर लिए।
मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 24 वर्षीय युवती ज्योति समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि यह गिरोह पहले भी इस तरह की वारदात को अंजाम दे चुका है या नहीं।
पीड़ित युवक ने 6 मार्च को सेक्टर-37 थाने में शिकायत दी। उसने बताया कि वह सेक्टर-83 स्थित एक निजी लैब में काम करता है। 25 फरवरी को वह मोहम्मदपुर स्थित AVL-36 सोसाइटी में ज्योति नाम की महिला का ब्लड सैंपल लेने गया था। उसी दौरान महिला ने ब्लड रिपोर्ट के बहाने उसका मोबाइल नंबर ले लिया।
इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हो गई। युवती ने उसे मिलने के लिए कहा और 2 मार्च को फिर से ब्लड सैंपल लेने के बहाने फ्लैट पर बुलाया। जब युवक फ्लैट में पहुंचा तो कुछ देर बाद युवती ने दरवाजा खुला छोड़ दिया। तभी करीब 24-25 साल के दो युवक वहां पहुंच गए।
दोनों आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट की और उसके कपड़े उतरवाकर आपत्तिजनक वीडियो बना ली। इसके बाद उसे ब्लैकमेल करते हुए वीडियो वायरल करने की धमकी दी और 5 लाख रुपए की मांग कर दी। डर के कारण पीड़ित से 1.63 लाख रुपए ट्रांसफर भी करवा लिए गए।
स्कॉर्पियो में बैठाकर ले गए
आरोपी युवक को स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठाकर अपने साथ ले गए और लगातार फोन कर पैसे देने का दबाव बनाते रहे। रुपए नहीं देने पर वीडियो वायरल करने और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी जा रही थी।
पुलिस में शिकायत के बाद कार्रवाई
लगातार ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर पीड़ित ने अपने एक परिचित को पूरी घटना बताई और उसके साथ सेक्टर-37 थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इंस्टाग्राम से हुई थी तीनों की पहचान
पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों आरोपियों की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। इसके बाद उन्होंने पैसे कमाने के लिए मिलकर यह गिरोह बनाया और युवक को हनीट्रैप में फंसाया।
गिरफ्तार आरोपियों में ज्योति (ताजनगर, गुरुग्राम), हरीश यादव उर्फ मोनू (अलवर, राजस्थान) और श्याम सुंदर उर्फ अशोक (महेंद्रगढ़) शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 1.63 लाख रुपए, एक स्कॉर्पियो गाड़ी और 4 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के अनुसार, मामले में तेजी से कार्रवाई की गई है और अब यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों ने पहले भी इस तरह की वारदात को अंजाम दिया है या नहीं।
Akhil Mahajan