नशा तस्करों पर एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई:भारी मात्रा में हेरोइन बरामद

गुरुग्राम STF यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में हेरोइन बरामद की है। कई तस्कर हिरासत में हैं और STF चीफ डीएलएफ-1 कार्यालय में मामले का खुलासा करेंगे।

नशा तस्करों पर एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई:भारी मात्रा में हेरोइन बरामद

➤ गुरुग्राम में नशे के सौदागरों पर STF का सबसे बड़ा वार

➤ करोड़ों की हेरोइन के साथ खुल सकता है बड़ा नेटवर्क

➤ DLF-1 ऑफिस में आज कई चेहरों से उठेगा पर्दा


हरियाणा में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को बड़ी सफलता मिली है। गुरुग्राम STF यूनिट ने एक बड़े ऑपरेशन के दौरान भारी मात्रा में हेरोइन बरामद की है। इस कार्रवाई को प्रदेश में नशे के नेटवर्क पर बड़ी चोट माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार STF को गुप्त सूचना मिली थी कि गुरुग्राम में ड्रग्स की एक बड़ी खेप पहुंचने वाली है। सूचना मिलते ही टीम ने रणनीति बनाकर जाल बिछाया और ऑपरेशन को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में हेरोइन बरामद की गई। शुरुआती अनुमान के मुताबिक जब्त ड्रग्स की कीमत करोड़ों रुपए बताई जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक STF ने इस ऑपरेशन के दौरान कुछ ड्रग तस्करों को हिरासत में भी लिया है। उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क और सप्लाई चैन का खुलासा किया जा सके। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था।

इस हाई-प्रोफाइल ड्रग रिकवरी मामले का खुलासा करने के लिए STF चीफ कुछ देर बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। यह प्रेस वार्ता डीएलएफ फेज-1 थाना के पास स्थित STF कार्यालय में आयोजित होगी।

बताया जा रहा है कि STF अधिकारी इस दौरान नशे की खेप के रूट, सप्लाई नेटवर्क और पूरे सिंडिकेट को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा करेंगे। गुरुग्राम और दिल्ली-एनसीआर में युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले नेटवर्क पर यह कार्रवाई बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।