गुरुग्राम में पति ने पत्नी की हत्या कर खुद भी दी जान ,शक के चलते खत्म हुआ परिवार
गुरुग्राम में पति ने पत्नी की हत्या कर खुद भी जान दे दी। वीडियो कॉल और शक के चलते यह दर्दनाक घटना सामने आई।
पत्नी को वीडियो कॉल करते देख भड़का पति, गुस्से में हत्या की
■ छह महीने से शक में जी रहा था, मोबाइल न दिखाने पर बढ़ा विवाद
■ हत्या के बाद दूसरे कमरे में जाकर खुद भी जान दे दी
गुरुग्राम में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पति ने पत्नी की हत्या करने के बाद खुद भी जान दे दी। पुलिस जांच में सामने आया कि यह पूरा मामला शक और आपसी विवाद से जुड़ा है।
मृतक दंपती दीपक और सोनम मूल रूप से राजस्थान के अलवर के रहने वाले थे और पिछले कई सालों से गुरुग्राम में रह रहे थे। दोनों ने करीब 8 साल पहले लव मैरिज की थी और उनका एक छोटा बच्चा भी है।
VIDEO कॉल ने बढ़ाया शक, हुआ बड़ा विवाद
जांच में पता चला कि दीपक को पिछले करीब 6 महीनों से पत्नी के व्यवहार पर शक था। मोबाइल कॉल डिटेल्स में एक अज्ञात नंबर से लगातार बातचीत और लंबी वीडियो कॉल्स सामने आई थीं।
घटना वाले दिन जब दीपक घर पहुंचा, तो उसने सोनम को वीडियो कॉल पर बात करते हुए देखा। उसे देखते ही सोनम ने कॉल काट दी और मोबाइल दिखाने से मना कर दिया, जिससे विवाद और बढ़ गया।
गुस्से में हत्या, फिर खुद भी उठाया कदम
विवाद के दौरान दीपक ने गुस्से में आकर रसोई में काम कर रही सोनम पर पीछे से हमला किया और उसकी जान ले ली।
इसके बाद वह दूसरे कमरे में गया और वहां फंदा लगाकर खुद भी जान दे दी। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद वह मानसिक रूप से असमंजस में था और कोई रास्ता न मिलने पर उसने यह कदम उठाया।
घर में अकेला रह गया मासूम बेटा
इस दर्दनाक घटना के बाद दंपती का 6 साल का बेटा कुछ समय तक घर में अकेला रहा। उसे यह भी समझ नहीं आया कि उसके माता-पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं।
फिलहाल बच्चा परिजनों के पास है और परिवार उसे इस सच्चाई से दूर रखने की कोशिश कर रहा है।
जांच जारी, सभी एंगल से पड़ताल
पुलिस ने मौके से मोबाइल और अन्य सबूत कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले में लव ट्रायंगल के एंगल से भी जांच की जा रही है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
दोनों का अंतिम संस्कार अलवर में किया गया।
pooja