Breaking: इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी धमाका, पति की मौत, पत्नी और दो बच्चे घायल
हिसार के हांसी में घर में चार्ज हो रही ई-स्कूटी की बैटरी फटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे में पत्नी और दो बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए।
- हांसी में घर के अंदर चार्ज हो रही ई-स्कूटी की बैटरी में जोरदार धमाका
- हादसे में ई-रिक्शा चालक की मौत, पत्नी और दो बच्चे गंभीर रूप से झुलसे
- चार्जिंग प्लग हटाते ही हुआ विस्फोट, घर में आग फैलने से मचा हड़कंप
हरियाणा के हिसार जिले के हांसी में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर के अंदर चार्ज हो रही इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी में अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाके के बाद घर में भीषण आग लग गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और दो बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना हांसी की मुल्तान कॉलोनी की है। मृतक की पहचान 40 वर्षीय नरेश के रूप में हुई है, जो ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 5 बजकर 30 मिनट पर नरेश घर में चार्ज हो रही स्कूटी का प्लग निकाल रहा था। इसी दौरान स्कूटी की बैटरी में तेज धमाका हुआ और आग ने पूरे कमरे को चपेट में ले लिया।
धमाका इतना भीषण था कि कुछ ही पलों में आग पूरे घर में फैल गई। नरेश की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसकी 35 वर्षीय पत्नी ज्योति, 12 वर्षीय बेटा साहिल और 15 वर्षीय बेटी वंदना गंभीर रूप से झुलस गए। परिजनों और पड़ोसियों की मदद से घायलों को तुरंत हांसी के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही अनाज मंडी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी बुलाया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मृतक नरेश के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए हांसी के सामान्य अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है।
मौके पर पहुंचे वार्ड पार्षद धर्मवीर मजोका ने बताया कि नरेश बेहद मेहनती व्यक्ति था और ई-रिक्शा चलाकर परिवार का गुजारा करता था। उन्होंने बताया कि हादसे के समय घर में दो भरे हुए गैस सिलेंडर भी रखे थे, जिनमें से एक सिलेंडर आग की चपेट में आ गया था। हालांकि पड़ोसियों की सूझबूझ से दोनों सिलेंडरों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक और बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए आग बुझाने में मदद की और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और यह पता लगाया जाएगा कि बैटरी में विस्फोट किन कारणों से हुआ।
Author1