खिड़की से गिरे युवक-युवती, लड़की की मौत, शराब पार्टी के दौरान धक्का-मुककी !
हांसी में शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में युवक-युवती खिड़की से नीचे गिरे। 21 वर्षीय युवती की मौत हो गई, युवक घायल है। CCTV के आधार पर जांच जारी।
➤ हांसी में शराब पार्टी के दौरान युवक-युवती खिड़की से गिरे
➤ 21 वर्षीय युवती की मौत, युवक गंभीर रूप से घायल
➤ घटना CCTV में कैद, पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी
हरियाणा के हांसी शहर में शनिवार देर रात एक गंभीर घटना सामने आई। काली देवी मंदिर मार्ग पर ब्रह्मकुमारी आश्रम के समीप स्थित एक कार्यालय की ऊपरी मंजिल पर चल रही शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद के बाद एक युवक और युवती खिड़की से नीचे गिर गए। इस हादसे में 21 वर्षीय युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृत युवती की पहचान कलानौर क्षेत्र के एक गांव निवासी रजनी (21) के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान हांसी क्षेत्र निवासी विकास (26) के रूप में बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार कार्यालय के ऊपरी कमरे में तीन-चार युवक और एक युवती शराब पार्टी कर रहे थे। नशे की हालत में उनके बीच किसी बात को लेकर कहासुनी और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से युवती और एक युवक खिड़की से नीचे गिर गए।
घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी विनोद शंकर और शहर थाना प्रभारी सुखजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने कमरे में मौजूद अन्य युवकों से पूछताछ शुरू कर दी है।
यह पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में भी रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में युवक-युवतियों को कार से आते और घटना के बाद एक वाहन में ले जाते हुए देखा गया है। पुलिस CCTV फुटेज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बयान के आधार पर यह स्पष्ट करने में जुटी है कि मामला हादसा था, आपसी विवाद का नतीजा या किसी अन्य साजिश से जुड़ा हुआ है।
Akhil Mahajan