हरियाणा में 17 IAS और 7 HCS अधिकारियों के तबादले, प्रदीप दहिया की 24 घंटे में वापसी
हरियाणा सरकार ने 17 IAS और 7 HCS अधिकारियों के तबादले किए हैं। HCS अधिकारी प्रदीप दहिया को 24 घंटे के भीतर दोबारा गुरुग्राम नगर निगम का कमिश्नर नियुक्त किया गया।
➤ हरियाणा सरकार ने 17 IAS और 7 HCS अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए
➤ कई जिलों, विभागों और बोर्डों में बड़े स्तर पर प्रशासनिक जिम्मेदारियां बदली गईं
हरियाणा सरकार ने शुक्रवार को राज्य प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए 17 IAS और 7 HCS अधिकारियों के तबादला एवं नई नियुक्ति आदेश जारी किए हैं। इस प्रशासनिक बदलाव की सबसे ज्यादा चर्चा IAS प्रदीप दहिया को लेकर हो रही है, जिनकी 24 घंटे के भीतर दूसरी बार पोस्टिंग बदल दी गई। गुरुवार को जारी आदेश में उन्हें रोहतक का उपायुक्त (DC) नियुक्त किया गया था, लेकिन शुक्रवार को नए आदेश जारी कर उन्हें दोबारा गुरुग्राम नगर निगम (MCG) का कमिश्नर बना दिया गया।
इस बड़े फेरबदल में कई वरिष्ठ अधिकारियों को नए विभागों और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों की कमान सौंपी गई है। सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों में व्यापक बदलाव किए हैं।
प्रदीप दहिया की पोस्टिंग बनी चर्चा का विषय
पूरे ट्रांसफर आदेश में सबसे बड़ा और चौंकाने वाला फैसला IAS प्रदीप दहिया की पोस्टिंग को लेकर रहा। गुरुवार को उन्हें रोहतक का डीसी बनाया गया था, लेकिन महज 24 घंटे बाद सरकार ने आदेश संशोधित करते हुए उन्हें फिर से गुरुग्राम नगर निगम का कमिश्नर नियुक्त कर दिया। प्रशासनिक गलियारों में इस फैसले को लेकर चर्चा तेज है।
इन वरिष्ठ IAS अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारियां
प्रशासनिक फेरबदल में कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
- जी. अनुपमा को युवा सशक्तीकरण एवं उद्यमिता विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार मिला।
- सी.जी. रजिनी कांथन को वित्त विभाग में कमिश्नर एवं सचिव, सेंट्रल कमेटी ऑफ एग्जामिनेशन में सचिव तथा मेडिकल एजुकेशन एवं रिसर्च विभाग में कमिश्नर एवं सचिव बनाया गया।
- खेतमलिस मकरंद पांडुरंग को सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग तथा खान एवं भूविज्ञान विभाग में कमिश्नर एवं सचिव और PMDA का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया।
- डी.के. बेहरा को मानव संसाधन और सामान्य प्रशासन विभाग में कमिश्नर एवं सचिव बनाया गया।
- राजीव रतन को कार्मिक, प्रशिक्षण एवं संसदीय कार्य विभाग का सचिव, विजिलेंस में इन्क्वायरी ऑफिसर तथा सप्लाई एंड डिस्पोजल विभाग का निदेशक नियुक्त किया गया।
- पंकज को हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) का सचिव और हरियाणा पावर जेनरेशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPGCL) का मैनेजिंग डायरेक्टर बनाया गया।
- प्रभजोत सिंह को परिवहन विभाग का सचिव और ट्रांसपोर्ट कमिश्नर नियुक्त किया गया।
- हेमा शर्मा को करनाल मंडल का कमिश्नर बनाया गया।
- डॉ. आदित्य दहिया को सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के निदेशक एवं विशेष सचिव, कला एवं सांस्कृतिक मामलों के निदेशक, HVPNL के एमडी तथा डिपार्टमेंट ऑफ फ्यूचर का कार्यभार सौंपा गया।
- यशेंद्र सिंह को नगर निगम फरीदाबाद का कमिश्नर और फरीदाबाद स्मार्ट सिटी लिमिटेड का CEO बनाया गया।
- धीरेंद्र खड़गटा को मेडिकल एजुकेशन एवं रिसर्च विभाग का निदेशक एवं विशेष सचिव तथा राज्य परिवहन निदेशक नियुक्त किया गया।
- प्रतिमा चौधरी को पशुपालन एवं डेयरी विभाग की विशेष सचिव, हरियाणा राज्य महिला आयोग की सदस्य सचिव और हरियाणा महिला विकास निगम लिमिटेड की एमडी बनाया गया।
- सचिन गुप्ता को अतिरिक्त नियंत्रक, सिविल डिफेंस अंबाला का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया।
- रेनू सोगन को लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया।
- समवर्तक सिंह खंगवाल को खान एवं भू-विज्ञान विभाग का निदेशक तथा अतिरिक्त सचिव का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया।
- विवेक आर्या को पंचकूला का अतिरिक्त उपायुक्त, श्री माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड का CEO, जिला परिषद पंचकूला का CEO और DRDA पंचकूला का CEO नियुक्त किया गया।

सात HCS अधिकारियों के भी हुए तबादले
सरकार ने 7 HCS अधिकारियों के भी तबादले किए हैं।
योगेश कुमार मेहता को हरियाणा ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड के सचिव का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। वीरेंद्र हुड्डा को चरखी दादरी जिला परिषद का CEO बनाया गया। विरेंद्र चौधरी को कुरुक्षेत्र का अतिरिक्त उपायुक्त नियुक्त किया गया। पंकज कुमार को कुरुक्षेत्र डेवलपमेंट बोर्ड और जिला परिषद कुरुक्षेत्र का CEO बनाया गया। सुरेश कुमार को चरखी दादरी का सिटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया। मोनिका को एलीमेंट्री एजुकेशन विभाग में जॉइंट डायरेक्टर (एडमिनिस्ट्रेशन एवं मिड-डे मील) का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया, जबकि मनजीत कुमार को HSVP रोहतक में एस्टेट ऑफिसर और लैंड एक्विजिशन ऑफिसर का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया।
pooja