हरियाणा में अगले 3 दिन बारिश,दक्षिणी जिलों में बढ़ेगी मानसून गतिविधियां, मौसम विभाग का अलर्ट

हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में अगले तीन दिनों तक रुक-रुक कर बारिश की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे लो प्रेशर सिस्टम से दक्षिणी हरियाणा में मानसून और सक्रिय होगा।

हरियाणा में अगले 3 दिन बारिश,दक्षिणी जिलों में बढ़ेगी मानसून गतिविधियां, मौसम विभाग का अलर्ट

हरियाणा-एनसीआर में अगले तीन दिन रुक-रुक कर होगी बारिश

8-9 अगस्त के बाद दक्षिणी जिलों में मानसून होगा और सक्रिय

बंगाल की खाड़ी के लो प्रेशर से बढ़ेंगी बारिश की गतिविधियां


हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में गुरुवार को मानसून की गतिविधियां जारी रहीं। प्रदेश के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि अन्य जिलों में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही। मौसम में आए बदलाव से जिन इलाकों में बारिश हुई वहां लोगों को उमस से राहत मिली, जबकि बाकी क्षेत्रों में गर्मी और उमस का असर बरकरार रहा।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि शुक्रवार को सोनीपत, फरीदाबाद, पलवल, गुरुग्राम, मेवात, झज्जर, रोहतक, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ सहित कई जिलों में हल्की बारिश की गतिविधियां देखने को मिलीं। वहीं शेष हरियाणा में बादल छाए रहे, लेकिन अधिकांश स्थानों पर बारिश नहीं हुई।

उन्होंने बताया कि मानसून ट्रफ लगातार हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली के आसपास सक्रिय बनी हुई है। वर्तमान में मानसून ट्रफ श्रीगंगानगर, रोहतक, शाहजहांपुर, सुल्तानपुर, गया, बांकुरा होते हुए पूर्वोत्तर भारत की ओर गुजर रही है। इसी कारण प्रदेश में लगातार मानसूनी गतिविधियां बनी हुई हैं।

डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार कश्मीर क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर पड़ गया है, जबकि पाकिस्तान के ऊपर एक नया पश्चिमी विक्षोभ विकसित हुआ है। इसके अलावा उत्तर हरियाणा के आसपास बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण अब उत्तर प्रदेश के चक्रवाती सिस्टम में विलीन हो गया है। इन सभी मौसम प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी है।

उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में बारिश हुई, वहां मौसम सुहावना बना रहा। वहीं जहां बारिश नहीं हुई, वहां लोगों को उमसभरी गर्मी का सामना करना पड़ा। दिन और रात के तापमान में भी कई स्थानों पर उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया।

अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम

डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार अगले तीन दिनों तक हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में रुक-रुक कर बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। 8 और 9 अगस्त के आसपास बंगाल की खाड़ी में बनने वाले लो प्रेशर एरिया का असर मध्य राजस्थान तक पहुंच सकता है। इसके प्रभाव से दक्षिणी हरियाणा में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से दक्षिण-पूर्वी मानसूनी हवाएं और मजबूत होंगी। इससे दक्षिणी जिलों में अच्छी बारिश के आसार बनेंगे, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है।