आज से बदलेगा हरियाणा — सरकार के चार मेजर रिफॉर्म लागू
हरियाणा 60वें स्थापना दिवस पर नए दौर में प्रवेश कर गया है। राज्य सरकार ने चार बड़े सुधार लागू किए — पेपरलेस रजिस्ट्री, ऑनलाइन निशानदेही, स्कूलों में खीर-पिन्नी और महिलाओं के खातों में ₹2100 की सहायता। तीन दिन तक पंचकूला में मनाया जाएगा भव्य समारोह।
➤ हरियाणा 60वें स्थापना दिवस पर नए बदलावों का गवाह बना
➤ सरकार ने चार बड़े सुधार लागू किए, 23 लाख लोगों पर असर
➤ तीन दिन तक पंचकूला में मनाया जाएगा स्थापना पर्व
हरियाणा आज 60 साल का हो गया है। 1 नवंबर 1966 को अस्तित्व में आए इस राज्य ने अपने विकास के सफर में कई पड़ाव पार किए हैं। इस वर्ष राज्य सरकार स्थापना दिवस को बड़े धूमधाम से मना रही है। राजधानी चंडीगढ़ से सटे पंचकूला में तीन दिवसीय समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। इस मौके पर सरकार ने चार ऐसे बड़े बदलावों की घोषणा की है, जिनका सीधा असर करीब 23 लाख लोगों पर पड़ेगा।
पहला बदलाव – रजिस्ट्री अब पूरी तरह पेपरलेस:
आज से प्रदेश की सभी तहसीलों में पेपरलेस रजिस्ट्री प्रणाली लागू हो गई है। इसकी शुरुआत मुख्यमंत्री नायब सैनी के गृह क्षेत्र कुरुक्षेत्र की बाबैन तहसील से की गई थी। अब यह व्यवस्था पूरे प्रदेश में लागू कर दी गई है। इसके साथ ही इंतकाल की प्रक्रिया भी डिजिटल कर दी गई है, जिससे लोगों को अब चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। प्रदेश में सालभर में लगभग सात लाख रजिस्ट्री होती हैं। सरकार ने तय किया है कि सभी पेंडिंग इंतकाल मामलों का निपटारा इसी सप्ताह किया जाएगा।
दूसरा बदलाव – जमीन की निशानदेही अब केवल ऑनलाइन:
प्रदेश सरकार ने जमीन की निशानदेही प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया है। अब ऑफलाइन आवेदन बंद कर दिए गए हैं। इसके लिए नागरिकों को ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन करना होगा। ग्रामीण क्षेत्रों में फीस ₹1000 + ₹500 प्रति एकड़ और शहरी क्षेत्रों में ₹2000 फिक्स रखी गई है। यह प्रक्रिया अब GPS-इनेबल्ड रोवर तकनीक के जरिए उच्च सटीकता से होगी। अनुमोदन की जिम्मेदारी रेवेन्यू ऑफिसर्स और कानूनगो पर होगी। इससे किसानों और संपत्ति मालिकों को बड़ी राहत मिलेगी।
तीसरा बदलाव – स्कूलों के बच्चों को अब खीर और पिन्नी:
राज्य सरकार ने सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए मिड-डे मील में पारंपरिक व्यंजन शामिल करने का फैसला लिया है। अब हफ्ते में एक बार बच्चों को खीर और पिन्नी दी जाएगी। यह निर्णय बाल वाटिका से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों पर लागू होगा। नया मेन्यू आज यानी 1 नवंबर से 31 मार्च 2026 तक लागू रहेगा। इस योजना को हरियाणा एग्रीकल्चर इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HAICL) के सहयोग से लागू किया जा रहा है। फिलहाल राज्य में 15 लाख से अधिक छात्र मिड-डे मील योजना के अंतर्गत आते हैं।
चौथा बदलाव – महिलाओं के खातों में 2100 रुपए हर महीने:
हरियाणा सरकार आज ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ की पहली किस्त जारी करेगी। इस योजना के तहत राज्य की आठ लाख महिलाओं के खातों में हर महीने ₹2100 जमा किए जाएंगे। सरकार ने इस योजना के तहत कुल 19.62 लाख महिलाओं को पात्र माना है। अब तक 10 लाख से अधिक लोगों ने लाडो लक्ष्मी मोबाइल ऐप डाउनलोड कर लिया है, जिसकी शुरुआत मुख्यमंत्री नायब सैनी ने 25 सितंबर को की थी। यह योजना भाजपा के चुनावी संकल्प पत्र का प्रमुख हिस्सा रही है और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
तीन दिन तक पंचकूला में जश्न का माहौल:
राज्य सरकार ने स्थापना दिवस के अवसर पर तीन दिन का सांस्कृतिक समारोह आयोजित किया है।
-
1 नवंबर: पहले दिन राज्यपाल असीम घोष और मुख्यमंत्री नायब सैनी कार्यक्रमों में शामिल होंगे। प्रदर्शनी, पारंपरिक व्यंजन स्थल और राज्य गीत के चलचित्र का विमोचन किया जाएगा।
-
2 नवंबर: सांस्कृतिक कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक आमजन के लिए खुले रहेंगे। इस दिन प्रदेश के कई वीआईपी भी शामिल होंगे।
-
3 नवंबर: समापन समारोह में विशेष प्रस्तुतियां होंगी। प्रदर्शनी और व्यंजन स्थल दर्शकों के लिए खुले रहेंगे।
हरियाणा का यह 60वां स्थापना दिवस केवल जश्न नहीं, बल्कि बदलाव का प्रतीक बन गया है। सरकार जहां डिजिटल और सामाजिक सुधारों के जरिए विकास की नई दिशा दे रही है, वहीं परंपरा और संस्कृति के मेल से इसे जनभावनाओं से जोड़ने की कोशिश भी कर रही है।
Author1