IMD ने हरियाणा में बारिश का अलर्ट जारी किया, जानें कब से शुरू होगा दौर

हरियाणा में मौसम ने करवट ली है। गुरुग्राम की रात सबसे ठंडी रही, वहीं IMD ने 5 नवंबर को बारिश का अलर्ट जारी किया है। 6 नवंबर से मौसम रहेगा खुश्क।

IMD ने हरियाणा में बारिश का अलर्ट जारी किया, जानें कब से शुरू होगा दौर
  • हरियाणा में मौसम में तेजी से गिरा तापमान, गुरुग्राम सबसे ठंडा शहर रहा
  • IMD ने 5 नवंबर को पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में बारिश का अलर्ट जारी किया
  • 6 नवंबर से मौसम रहेगा खुश्क, रातें होंगी और सर्द

हरियाणा में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा है। सुबह के समय ठंड अचानक बढ़ गई है और लोगों ने अब गर्म कपड़ों का सहारा लेना शुरू कर दिया है। स्कूलों ने भी अभिभावकों को विंटर यूनिफॉर्म पहनाने के निर्देश भेज दिए हैं। इस बीच प्रदेश में गुरुग्राम की रात सबसे ठंडी रही, जहां न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया गया।

भारत मौसम विभाग (IMD) ने पूर्वानुमान जारी करते हुए कहा है कि आज रात से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे 5 नवंबर को हरियाणा के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है। पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर जिलों के लिए विभाग ने रेन अलर्ट जारी किया है, जबकि बाकी जिलों में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम में इस बदलाव के चलते दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है और लोगों को ठंड का और अधिक अहसास होगा।

हिसार में रात का तापमान 13.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अब उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाएं धीरे-धीरे तेज होंगी, जिससे राज्य में सर्दी का असर और बढ़ेगा।

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से राज्य में 4 नवंबर की रात से हल्का बदलाव देखने को मिलेगा। कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी भी संभव है। हालांकि, 6 नवंबर से 9 नवंबर के बीच मौसम सामान्य रूप से खुश्क रहेगा।

इस दौरान दिन का तापमान हल्का बढ़ेगा, जबकि रात के तापमान में थोड़ी गिरावट हो सकती है। वर्तमान में हरियाणा में रात्रि तापमान 13 डिग्री तक पहुंच गया है। गुरुग्राम, पंचकूला, हिसार, नारनौल, कैथल और पानीपत में तापमान 15 डिग्री से नीचे चला गया है।

इसके अलावा करनाल, महेंद्रगढ़, जींद, सोनीपत और फरीदाबाद में तापमान 16 डिग्री से कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में राज्य के अधिकतर जिलों में सुबह कोहरा और ठंडी हवाएं चलने की संभावना है, जिससे सर्दी की शुरुआत और तेज महसूस होगी।