हरियाणा में 2 अगस्त से मानसून की दमदार वापसी, 5 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट
हरियाणा के 5 जिलों में आज भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। HAU के अनुसार 2 से 5 अगस्त तक पूरे प्रदेश में मानसून सक्रिय होकर व्यापक बारिश करेगा।
आज हरियाणा के 5 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट
2 अगस्त से पूरे प्रदेश में मानसून पूरी ताकत के साथ लौटेगा
यूपी-बिहार से आने वाली नमी वाली हवाओं से 5 अगस्त तक तेज बारिश के आसार
हरियाणा में मानसूनी बारिश का इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार (31 जुलाई) को प्रदेश के पांच उत्तरी जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, हिसार कृषि विश्वविद्यालय (HAU) ने अनुमान जताया है कि 2 अगस्त से 5 अगस्त के बीच मानसून पूरे प्रदेश में सक्रिय होगा और अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।
IMD के अनुसार शुक्रवार को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल में गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों के 50 से 75 प्रतिशत क्षेत्रों में वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा कैथल, जींद, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, भिवानी, चरखी दादरी, हिसार और फतेहाबाद में हल्की से मध्यम बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं। वहीं सिरसा जिले में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है।
HAU के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि वर्तमान में मानसून ट्रफ जैसलमेर, रायसेन, विदर्भ और बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है। साथ ही राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इसी कारण हरियाणा तक पर्याप्त नमी वाली हवाएं नहीं पहुंच पा रही हैं और 1 अगस्त तक रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।
उन्होंने बताया कि 1 अगस्त की रात से ओडिशा, बिहार और उत्तर प्रदेश की ओर से आने वाली पूर्वी नमी वाली हवाएं हरियाणा की तरफ बढ़ेंगी। इसके प्रभाव से 2 अगस्त से 5 अगस्त तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मूसलाधार और भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में गिरावट आएगी, जबकि रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में पिछले 24 घंटे के दौरान 0.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। रोहतक 37.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म जिला रहा। इसके बाद चरखी दादरी में 37.1 डिग्री और भिवानी में 37.0 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। सिरसा में 36.6 डिग्री और फरीदाबाद में 36.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
वहीं बारिश और बादलों के कारण कैथल और फतेहाबाद में अधिकतम तापमान सबसे कम 33.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
न्यूनतम तापमान की बात करें तो प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज हुई। भिवानी में सबसे कम 25.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि सिरसा में सबसे गर्म रात रही और न्यूनतम तापमान 30.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुग्राम में 25.9 डिग्री और नारनौल में 26.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में बादल छाए रहने से रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।
pooja