हरियाणा में कल रात से बदलेगा मौसम, बादल छाएंगे, कहीं-कहीं बूंदाबांदी के आसार
हरियाणा में 4 मार्च की रात से मौसम बदलेगा। पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादल छाएंगे और कुछ जिलों में बूंदाबांदी हो सकती है। तापमान में 2 से 5 डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना।
■ 4 मार्च की रात से सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ
■ उत्तरी जिलों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना
■ मार्च के पहले सप्ताह में 2 से 5 डिग्री तक बढ़ेगा तापमान
हरियाणा में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। चार मार्च की रात से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ 4 मार्च की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से हरियाणा में बादल छाए रहेंगे और उत्तरी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। अधिकांश जिलों में दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है। दिन के समय तेज धूप के कारण गर्मी का अहसास बढ़ गया है।
दिन-रात दोनों में बढ़ी गर्मी
रात का तापमान भी 15 से 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। कई शहरों में न्यूनतम तापमान 11 से 16 डिग्री के बीच दर्ज किया गया है, जबकि अधिकतम तापमान 28 से 32.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। हालात यह हैं कि लोगों ने गर्म कपड़े लगभग छोड़ दिए हैं और दिन-रात पंखे चलने लगे हैं।
अभी और बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मार्च के पहले सप्ताह में अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की और बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तापमान स्थिर रहने की संभावना जताई गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बादल छाने के बावजूद तापमान में खास गिरावट की उम्मीद नहीं है।
उत्तरी हरियाणा के जिलों में हल्की बूंदाबांदी से मौसम में अस्थायी राहत मिल सकती है, लेकिन समग्र रूप से प्रदेश में गर्मी का ग्राफ ऊपर ही रहने वाला है। आने वाले दिनों में मौसम का यह उतार-चढ़ाव किसानों और आम लोगों दोनों के लिए अहम रहेगा।
Akhil Mahajan