हरियाणा में बदला मौसम का मिजाज: कई जिलों में बारिश-बूंदाबांदी, 13 शहरों में तापमान 25 डिग्री पार

हरियाणा के कई जिलों में देर रात बारिश और बूंदाबांदी हुई। 13 जिलों में तापमान 25 डिग्री पार पहुंच गया, रोहतक सबसे गर्म और करनाल सबसे ठंडा रहा।

हरियाणा में बदला मौसम का मिजाज: कई जिलों में बारिश-बूंदाबांदी, 13 शहरों में तापमान 25 डिग्री पार

➤ देर रात कई जिलों में बारिश और तेज हवा
➤ 13 जिलों में दिन का तापमान 25 डिग्री से ऊपर
➤ रोहतक सबसे गर्म करनाल सबसे ठंडा रहा


हरियाणा में मंगलवार देर रात अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। भिवानी, हिसार, हांसी, सिरसा, रेवाड़ी, झज्जर और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी दर्ज की गई। कई स्थानों पर तेज हवा चलने से ठंड का अहसास बढ़ गया। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को दिन की गर्माहट के बीच रात में हल्की सर्दी महसूस हुई।

दूसरी ओर प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में मंगलवार को करीब 1.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह तापमान सामान्य से लगभग 2.7 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मौसम विभाग के अनुसार दिन में धूप निकलने से तापमान में तेजी आई, जबकि देर रात बादल और हवाओं के कारण मौसम पलट गया।

फरीदाबाद में सुबह बादल छाए रहे।

13 जिलों में 25 डिग्री पार

मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार प्रदेश के 13 जिलों में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। इनमें अंबाला, हिसार, रोहतक, भिवानी, सिरसा, फरीदाबाद, गुरुग्राम, जींद, करनाल, महेंद्रगढ़, नूंह, पानीपत और सोनीपत शामिल हैं।

रोहतक सबसे गर्म, करनाल सबसे ठंडा

आंकड़ों के मुताबिक राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान रोहतक में 27.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भिवानी और महेंद्रगढ़ में भी तापमान 27 डिग्री के आसपास पहुंच गया।

रेवाड़ी में बुधवार सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई।

औसत न्यूनतम तापमान में भी 1.8 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक है। हालांकि न्यूनतम तापमान के मामले में करनाल सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अन्य जिलों में तापमान इस प्रकार रहा।
अंबाला में 11 डिग्री।
हिसार में 10.3 डिग्री।
नारनौल में 10.4 डिग्री।
रोहतक में 12.6 डिग्री।
भिवानी में 13.0 डिग्री।
सिरसा में 11.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम में हल्का उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।