बस हादसे में नौ लोगों की मौत, कई घायल, 50 यात्री थे सवार
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के हरिपुरधार में कुपवी से शिमला जा रही निजी बस खाई में गिर गई। हादसे में नौ लोगों की मौत हुई, कई घायल हैं।
➤ सिरमौर जिले के हरिपुरधार में निजी बस खाई में गिरने से नौ लोगों की मौत
➤ कुपवी से शिमला जा रही बस में 30 से 35 यात्री थे सवार
➤ राहत-बचाव कार्य जारी, कई घायलों को नाहन सहित अन्य अस्पतालों में भर्ती
शिमला। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के हरिपुरधार क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक बस हादसा हो गया। कुपवी से शिमला जा रही एक निजी यात्री बस सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग और पुलिस टीम तुरंत बचाव कार्य में जुट गई। ग्रामीण घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाते नजर आए। हादसा इतना भयावह था कि बस के परखच्चे उड़ गए।
एसपी सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि बस में 30 से 35 यात्री सवार थे। हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस और अन्य रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में जुटी हुई हैं।
हादसे में गंभीर रूप से घायल यात्रियों को उपचार के लिए हायर संगड़ाह, ददाहू और नाहन के अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने हादसे पर शोक जताते हुए घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। वहीं मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी बस दुर्घटना में हुई जानमाल की हानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है और प्रशासन को पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
Akhil Mahajan