इंडक्शन या इन्फ्रारेड… कौन सा कुकटॉप है ज्यादा किफायती? सच जानकर बदल जाएगा आपका फैसला

इंडक्शन और इन्फ्रारेड कुकटॉप में कौन ज्यादा किफायती है, जानिए बिजली खपत, बर्तनों और सुरक्षा के आधार पर पूरा अंतर।

इंडक्शन या इन्फ्रारेड… कौन सा कुकटॉप है ज्यादा किफायती? सच जानकर बदल जाएगा आपका फैसला

बिजली बचाने में इंडक्शन कुकटॉप आगे
इन्फ्रारेड में किसी भी बर्तन का इस्तेमाल संभव
जरूरत के अनुसार ही करें सही विकल्प का चुनाव


रसोई में एलपीजी गैस की बढ़ती कीमतों और सप्लाई की दिक्कतों के बीच अब लोग तेजी से इलेक्ट्रिक कुकटॉप की ओर शिफ्ट हो रहे हैं। बाजार में सबसे ज्यादा चर्चा दो विकल्पों को लेकर है—इंडक्शन कुकटॉप और इन्फ्रारेड कुकटॉप। लेकिन सवाल यही है कि आखिर इन दोनों में से कौन ज्यादा किफायती और बेहतर है।

अगर बात बिजली की खपत और एनर्जी एफिशिएंसी की करें, तो इंडक्शन कुकटॉप इस मामले में आगे निकल जाता है। यह लगभग 90% ऊर्जा सीधे बर्तन तक पहुंचाता है, जिससे बिजली की बर्बादी बहुत कम होती है। इसके मुकाबले इन्फ्रारेड कुकटॉप पहले अपनी कांच की सतह को गर्म करता है और फिर बर्तन को, जिससे इसकी एफिशिएंसी करीब 70 से 75 प्रतिशत रहती है। यही कारण है कि इंडक्शन पर खाना करीब 25 प्रतिशत तेजी से पकता है और कुल मिलाकर बिजली की खपत भी कम होती है।

हालांकि, अगर शुरुआती खर्च और बर्तनों की बात करें, तो इन्फ्रारेड कुकटॉप ज्यादा किफायती साबित हो सकता है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें किसी भी तरह के बर्तन—स्टील, एल्युमीनियम, तांबा, कांच या मिट्टी—का इस्तेमाल किया जा सकता है। जबकि इंडक्शन कुकटॉप के लिए विशेष फेरोमैग्नेटिक या इंडक्शन-बेस बर्तनों की जरूरत होती है, जो आमतौर पर महंगे होते हैं। ऐसे में जिन लोगों के पास पहले से पारंपरिक बर्तनों का सेट है, उनके लिए इन्फ्रारेड बेहतर विकल्प बन सकता है।

सुरक्षा के मामले में इंडक्शन कुकटॉप को ज्यादा सुरक्षित माना जाता है। इसका ऊपरी हिस्सा ज्यादा गर्म नहीं होता, जिससे जलने का खतरा कम रहता है। वहीं इन्फ्रारेड कुकटॉप की सतह लंबे समय तक गर्म रहती है, जो खासकर छोटे बच्चों वाले घरों में जोखिम बढ़ा सकती है।

इन्फ्रारेड कुकटॉप का एक फायदा यह भी है कि इसमें तापमान नियंत्रण बेहतर होता है और ‘वार्म’ मोड के कारण रोटी सेंकने या ग्रिलिंग जैसे काम आसानी से किए जा सकते हैं, जो इंडक्शन पर उतने प्रभावी तरीके से संभव नहीं होते।

कुल मिलाकर अगर आपकी प्राथमिकता बिजली बचाना, तेज कुकिंग और सेफ्टी है, तो इंडक्शन कुकटॉप बेहतर विकल्प है। वहीं अगर आप बर्तनों पर अतिरिक्त खर्च नहीं करना चाहते और पारंपरिक तरीके से खाना बनाना पसंद करते हैं, तो इन्फ्रारेड कुकटॉप आपके लिए ज्यादा फायदेमंद हो सकता है। आजकल बाजार में हाइब्रिड कुकटॉप भी उपलब्ध हैं, जिनमें दोनों तकनीक का फायदा एक साथ मिलता है।