हरियाणा के झज्जर मर्डर केस में गैंगस्टर एंगल, गोदारा गैंग का दावा

झज्जर में फाइनेंसर साहिल अहलावत की हत्या में रोहित गोदारा गैंग ने जिम्मेदारी का दावा किया, जबकि परिवार ने साजिश का आरोप लगाया है।

हरियाणा के झज्जर मर्डर केस में गैंगस्टर एंगल, गोदारा गैंग का दावा

फाइनेंसर मर्डर में गैंगस्टर एंगल, सोशल मीडिया पोस्ट से सनसनी
पिता ने चचेरे भाई और पुलिस अफसरों पर लगाए गंभीर आरोप
एक मिनट में बरसी गोलियां, 5 टीमें जांच में जुटीं


हरियाणा के झज्जर जिले के गांव डीघल में हुए फाइनेंसर साहिल अहलावत हत्याकांड में अब गैंगस्टर एंगल सामने आने से मामला और उलझ गया है। कुख्यात रोहित गोदारा गैंग ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और इसे जांच का विषय बताया है।साहिल के शव का पोस्टमॉर्टम होने के बाद परिवार गांव लेकर लेकर जा रहे।

गैंग की ओर से जारी पोस्ट में लिखा गया है कि साहिल को करीब 6 महीने पहले चेतावनी दी गई थी, लेकिन उसने बात नहीं मानी। आरोप लगाया गया कि वह लोगों से 10 से 20 प्रतिशत तक जबरन ब्याज वसूलता था और पैसे न लौटाने पर उनकी संपत्ति कब्जाने की कोशिश करता था। पोस्ट में अन्य फाइनेंसरों और अवैध काम से जुड़े लोगों को भी चेतावनी दी गई है।

दूसरी ओर, मृतक के पिता कुकू प्रधान ने इस मामले में पूरी तरह अलग एंगल पेश किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या सुनियोजित साजिश के तहत कराई गई है, जिसमें गांव के ही चचेरे भाई और कुछ पुलिस अधिकारियों की भूमिका हो सकती है। उनका कहना है कि करीब 5 महीने पहले ही साहिल को जान से मारने की धमकी मिली थी और इसकी शिकायत भी पुलिस को दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला फाइनेंस से जुड़ी रंजिश और आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। DCP क्राइम शुभम ने बताया कि मामले की जांच कई एंगल से की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 5 टीमें गठित की गई हैं। पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के निर्देश पर जांच तेज कर दी गई है।साहिल के ताऊ दिलबाग सिंह ने कहा कि गांव के युवकों के साथ उसका झगड़ा हुआ था।

गौरतलब है कि साहिल की हत्या बुधवार को दिनदहाड़े की गई थी। सीसीटीवी फुटेज में सामने आया है कि स्कॉर्पियो में सवार तीन हमलावर मौके पर पहुंचे और एक मिनट के भीतर 18-20 राउंड फायरिंग की। हमलावरों ने पहले गेट पर फायरिंग की, फिर अंदर घुसकर साहिल को निशाना बनाया। वह जान बचाने के लिए बाहर भागा, लेकिन हमलावरों ने उसे गिराकर लगातार गोलियां बरसाईं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि साहिल के खिलाफ पहले से मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित कुछ मामले दर्ज थे। साथ ही उसके कुछ लोगों से आर्थिक विवाद और झगड़े भी सामने आए हैं, जिन्हें जांच में शामिल किया गया है।साहिल सोशल मीडिया पर नोटों की गड्डियों की रील शेयर करता था, अब पुलिस भी रुपए के लेनदेन को लेकर जांच कर रही है।

पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और गांव में अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है। इस हत्याकांड ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है और अब सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है।