हरियाणा रोडवेज बस पलटी, 12 घायल, पचास सवार बाल- बाल बचे
जींद के उचाना क्षेत्र में हरियाणा रोडवेज बस पलटने से 12 यात्री घायल हो गए। सामने से तेज रफ्तार कार आने पर ड्राइवर ने इमरजेंसी ब्रेक लगाए, जिससे हादसा हुआ।
- जींद में हरियाणा रोडवेज बस पलटी, 12 यात्री घायल
- सामने से तेज रफ्तार कार आने पर ड्राइवर ने लगाए इमरजेंसी ब्रेक
- टोल बचाने के लिए रॉन्ग साइड से आई कार पर लापरवाही का आरोप
हरियाणा के जींद जिले के उचाना क्षेत्र में शुक्रवार को हरियाणा रोडवेज की बस पलटने से 12 यात्री घायल हो गए। हादसा बड़ौदी गांव के पास हुआ, जहां बस मांडी कलां से जींद जा रही थी। बस में करीब 50 यात्री सवार थे।
ग्रामीणों के अनुसार, सामने से तेज रफ्तार स्विफ्ट कार आ गई, जिसे बचाने के प्रयास में बस चालक को इमरजेंसी ब्रेक लगाने पड़े। अचानक ब्रेक लगने से बस असंतुलित होकर सड़क किनारे खेतों में पलट गई।
हादसे के तुरंत बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर एम्बुलेंस बुलाकर घायलों को जींद सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद स्विफ्ट कार में सवार लोग मौके से फरार हो गए।
ट्रैफिक पुलिस में तैनात हेड कॉन्स्टेबल रामनिवास ने बताया कि कार टोल टैक्स बचाने के लिए रॉन्ग साइड से आई थी। यदि सड़क पर ब्रेकर होता तो हादसा टल सकता था। उन्होंने बताया कि रोड पर इमरजेंसी ब्रेक के निशान भी मिले हैं।
पुलिस के अनुसार, इस हादसे में किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
एम्बुलेंस ड्राइवर सुरेश कुमार ने बताया कि बस चालक ने सामने से आ रही कार को बचाने की पूरी कोशिश की। यदि ब्रेक नहीं लगाए जाते तो कार सीधे बस से टकरा जाती। यात्रियों ने भी बस चालक की कोई गलती नहीं होने की बात कही है।
Akhil Mahajan