हरियाणा में पुलिसकर्मी ने महिला के साथ किया दुष्कर्म

करनाल के घरौंडा थाना क्षेत्र में महिला ने पुलिस हवलदार पर शादी का झांसा देकर रेप करने का आरोप लगाया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

हरियाणा में पुलिसकर्मी ने महिला के साथ किया दुष्कर्म

➤ करनाल के घरौंडा थाना क्षेत्र में महिला ने पुलिस हवलदार पर शादी का झांसा देकर रेप करने का आरोप लगाया
➤ महिला का कहना है कि परिवार को पता चलने पर पति और परिजनों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया
➤ घरौंडा पुलिस ने धारा 64(1), 351(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की

करनाल के घरौंडा थाना क्षेत्र में एक महिला ने पुलिस महकमें के हवलदार पर गंभीर आरोप लगाया है। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि फेसबुक पर दोस्ती करने वाले पानीपत के विरेन्द्र ने उसे शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी से साफ इनकार कर दिया।

पीड़िता ने बताया कि करीब तीन महीने पहले फेसबुक पर हुई दोस्ती के दौरान विरेन्द्र ने खुद को पुलिस महकमें में हवलदार बताया और बताया कि उसकी ड्यूटी कैथल रोड थाना में है। बातचीत के दौरान आरोपी ने महिला को अपनी बातों में फंसा लिया और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ीं। महिला ने कहा कि इस दौरान वह विरेन्द्र से 2-3 बार होटल में भी मिली, जहां उसने शादी का झांसा देकर जबरदस्ती उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

महिला के अनुसार जब परिवार को इस रिश्ते की जानकारी मिली, तो उसके पति और अन्य परिजनों ने उसके साथ मारपीट की और घर से निकाल दिया। इसके बाद महिला ने आरोपी से शादी की बात की, लेकिन उसने साफ मना कर दिया और अपने पास रखने से इनकार कर दिया। महिला ने पुलिस को बताया कि अब उसके पास कोई सहारा नहीं है और वह मानसिक रूप से काफी परेशान है।

घरौंडा थाना प्रभारी दीपक कुमार ने कहा कि महिला की शिकायत गंभीरता से ली गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 64(1), 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच में यह भी देखा जाएगा कि आरोपी का आरोप पुलिस महकमें में होने का कितना सत्य है और अन्य संबंधित पहलुओं की भी पुष्टि की जाएगी।

पीड़िता ने स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में उसके साथ कोई अनहोनी घटना होती है, तो उसका जिम्मेदार आरोपी होगा। घरौंडा थाना पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और महिला को सुरक्षा व न्याय दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।