करनाल अस्पताल में मरीज और स्टाफ के बीच मारपीट
करनाल के घरौंडा स्वास्थ्य केंद्र में गर्भवती महिला और ANM के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गई। घटना का वीडियो वायरल है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
■ करनाल के स्वास्थ्य केंद्र में स्टाफ और मरीजों में मारपीट
■ गर्भवती महिला से बहस के बाद ANM ने उठाया डंडा
■ वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी
हरियाणा के करनाल जिले के घरौंडा स्थित स्वास्थ्य केंद्र एक बार फिर विवादों में घिर गया है, जहां स्टाफ और मरीजों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें अस्पताल की एएनएम कथित तौर पर डंडे से मरीज के परिजनों पर हमला करती नजर आ रही है।जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला ममता अपने गर्भावस्था का कार्ड बनवाने के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंची थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसकी एएनएम से कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। आरोप है कि बहस के दौरान एएनएम ने गुस्से में आकर डंडा उठा लिया और मारपीट शुरू कर दी।
महिला का कहना है कि वह दो महीने की गर्भवती है और एएनएम द्वारा चलाया गया डंडा उसे भी लगा। इसके अलावा मौके पर मौजूद एक युवक को भी थप्पड़ मारा गया। घटना के दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया, जिससे यह पूरा मामला सामने आ गया।
बताया जा रहा है कि वीडियो बनाए जाने से एएनएम और अधिक भड़क गई और उसका व्यवहार और आक्रामक हो गया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हंगामा खड़ा हो गया, जिसके बाद महिला के परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।पीड़ित महिला ने अपना मेडिकल करवाने के बाद पुलिस को शिकायत दे दी है। वहीं एएनएम ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया है।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और वीडियो व दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।यह घटना एक बार फिर सरकारी अस्पतालों में व्यवस्था और व्यवहार को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है, खासकर तब जब मामला एक गर्भवती महिला से जुड़ा हो।
shubham