NH-44 पर पिकअप की टक्कर से दर्दनाक हादसा, 7वीं की छात्रा की मौत
कुरुक्षेत्र में NH-44 पर पिकअप की टक्कर से ई-रिक्शा पलट गई। हादसे में 12 साल की छात्रा की मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर घायल हैं।
■ NH-44 पर भीषण एक्सीडेंट, 12 साल की छात्रा की मौत
■ तेज रफ्तार पिकअप ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, डिवाइडर से टकराकर पलटी
■ पिता गंभीर घायल, आरोपी ड्राइवर मौके से फरार
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-44 पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिसमें कक्षा 7 की छात्रा प्रांजल (12) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता नरेश कुमार (35) गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, UP-54/BT-1372 नंबर की पिकअप तेज रफ्तार से करनाल से पीपली की ओर जा रही थी। पीपली ओवरफ्लाई के पास ड्राइवर ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए आगे चल रहे ई-रिक्शा को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा डिवाइडर से टकराकर पलट गई, जिससे उसमें सवार पिता-पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में घायल प्रांजल को तुरंत एलएनजेपी अस्पताल कुरुक्षेत्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, पिता नरेश कुमार की हालत गंभीर होने पर उन्हें चंडीगढ़ के सेक्टर-32 अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
परिजनों के अनुसार, नरेश कुमार ई-रिक्शा चलाकर परिवार का गुजारा करते हैं। हादसे के समय वह अपनी बेटी को साथ लेकर पैसेंजर छोड़ने निकले थे।
प्रांजल एक स्थानीय स्कूल में 7वीं कक्षा की छात्रा थी। उसके परिवार में दो बहनें और हैं, जिनमें एक 10वीं और दूसरी 7वीं कक्षा में पढ़ती है।
हादसे के बाद पिकअप ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर FIR दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच जारी है।
pooja