शादी डॉट कॉम से शुरू हुई दोस्ती, 26 दिन बाद शॉपकीपर की मौ*त

कुरुक्षेत्र में शादी डॉट कॉम के जरिए बने रिश्ते के बाद लिव-इन में रह रहे शॉपकीपर राम अवतार की संदिग्ध मौत हो गई। बेटी ने पार्टनर पर जहर देने और हत्या का आरोप लगाया है।

शादी डॉट कॉम से शुरू हुई दोस्ती, 26 दिन बाद शॉपकीपर की मौ*त

शादी डॉट कॉम पर हुई दोस्ती के बाद कुरुक्षेत्र में साथ रह रहे थे राम अवतार और शालू

26 दिन साथ रहने के बाद संदिग्ध हालात में शॉपकीपर की मौत

बेटी ने लिव-इन पार्टनर पर जहर देने और हत्या का आरोप लगाया

अग्रसेन चौक के पास जनरल स्टोर चलाते थे राम अवतार।

कुरुक्षेत्र के मोहन नगर निवासी शॉपकीपर राम अवतार की संदिग्ध मौत मामले में कई नए खुलासे सामने आए हैं। पुलिस जांच में पता चला है कि राम अवतार और उनकी लिव-इन पार्टनर शालू की मुलाकात ऑनलाइन मैट्रिमोनियल वेबसाइट Shaadi.com के जरिए हुई थी।

करीब एक साल पहले राम अवतार की पत्नी रेखा की मौत हो गई थी। पत्नी के निधन के बाद 46 वर्षीय राम अवतार अकेलेपन से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने दोबारा शादी के लिए अपनी प्रोफाइल वेबसाइट पर रजिस्टर की थी। वहीं दिल्ली के नरेला निवासी शालू के पति की भी करीब डेढ़ साल पहले मौत हो चुकी थी और वह भी नए साथी की तलाश में थी।

वेबसाइट पर दोनों की बातचीत शुरू हुई और बाद में फोन नंबर शेयर होने के बाद करीब 8 से 10 महीने तक दोनों नियमित संपर्क में रहे। परिवारों को भी इस रिश्ते की जानकारी थी।

पुलिस जांच के मुताबिक, शालू ने अपने भाई-भाभी को भी इस रिश्ते के बारे में बताया था। इसके बाद 20 अप्रैल को राम अवतार ने शालू को कुरुक्षेत्र अपने घर बुला लिया। शालू अपने दोनों बच्चों के साथ दिल्ली से बस के जरिए कुरुक्षेत्र पहुंची थी। इसके बाद दोनों परिवार साथ रहने लगे।

शालू की पहली शादी से 18 वर्षीय बेटी रिया और 14 वर्षीय बेटा चिराग हैं। परिवार के मुताबिक, शुरुआत में सब कुछ सामान्य चल रहा था और राम अवतार को लग रहा था कि उनका परिवार फिर से बस गया है।

हालांकि राम अवतार की बेटी शुभम ने आरोप लगाया कि शालू लगातार महंगे सामान की मांग कर रही थी। उसके कहने पर राम अवतार ने नया फ्रिज, अलमारी और बेड खरीदा। इतना ही नहीं, शालू के बेटे का शहर के बड़े स्कूल में एडमिशन भी करवाया गया। परिवार का दावा है कि 26 दिनों में करीब 5 से 7 लाख रुपए खर्च किए गए।

पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर मौजूद परिजन और रिश्तेदार।

शुभम के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11 बजे ऊपर कमरे से पिता की चीख सुनाई दी। उस समय ऊपर कमरे में राम अवतार, शालू और उसके बच्चे मौजूद थे। जब वह ऊपर पहुंची तो शालू ने उसे नीचे भेज दिया।

कुछ देर बाद दोबारा कमरे में जाने पर राम अवतार फोल्डिंग पर पड़े मिले। उनके सिर पर चोट के निशान थे और मुंह से सफेद झाग निकल रहा था। इसके बाद परिजन उन्हें निजी अस्पताल और फिर LNJP अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद शालू का परिवार उसे अपने साथ ले गया। वहीं राम अवतार की बेटी ने शालू पर जहर देने और हत्या करने का आरोप लगाया है।

मामले की जांच कर रहे ASI गजराज ने बताया कि शिकायत के आधार पर हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।