कांग्रेस विधायक मामन खान की हत्या की साजिश नाकाम, रोहित गोदारा के चार गुर्गे पुलिस की गिरफ्त में
हरियाणा के कांग्रेस विधायक मामन खान की हत्या की साजिश रचने वाले चार युवकों को STF गुरुग्राम ने गिरफ्तार किया है पूछताछ में खुलासा हुआ कि विदेश में बैठे गैंगस्टर रोहित गोदारा ने हत्या की प्लानिंग की थी हत्या के बाद प्रदेश में दंगे कराने की साजिश थी
➤ कांग्रेस विधायक मामन खान की हत्या की साजिश का खुलासा
➤ गुरुग्राम STF ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया
➤ विदेश में बैठे गैंगस्टर रोहित गोदारा का निकला कनेक्शन
हरियाणा के कांग्रेस विधायक मामन खान की हत्या की साजिश रचने वाले चार बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। STF गुरुग्राम टीम ने कार्रवाई करते हुए विधायक की रेकी करने वाले चार युवकों को पकड़ा है। शुरुआती पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ है कि विदेश में बैठा गैंगस्टर रोहित गोदारा कांग्रेसी विधायक की हत्या करवाने की साजिश रच रहा था।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में गुरुग्राम के शक्तिनगर निवासी सागर गुर्जर, ललित, बिलासपुर का जगबीर और राजस्थान का रहने वाला राजू शामिल हैं। पुलिस ने सभी को गहन पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है।
सूत्रों के अनुसार, STF गुरुग्राम को सूचना मिली थी कि कुछ युवक अवैध हथियारों के साथ घूम रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर टीम ने ललित को मॉडर्न पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में ललित ने स्वीकार किया कि विदेश में बैठे रोहित गोदारा गैंग ने उन्हें और तीन अन्य साथियों को विधायक मामन खान की रेकी और हत्या की जिम्मेदारी दी थी।
जांच में सामने आया कि हत्या की योजना विधायक के नूंह से गुरुग्राम के बीच यात्रा के दौरान बनाई गई थी। हत्या के बाद सांप्रदायिक दंगे भड़काने की साजिश रची गई थी ताकि प्रदेश में अशांति फैलाई जा सके।
20 सितंबर को पुलिस ने कई सुरक्षा इनपुट्स के बाद विधायक मामन खान को नूंह से गुरुग्राम शिफ्ट किया था। उनके साथ 16 स्पेशल वेपंस एंड टैक्टिक्स (SWAT) कमांडोज तैनात किए गए थे।
विधायक मामन खान का नाम 2023 नूंह हिंसा के दौरान दिए गए भड़काऊ बयान में भी सामने आया था। ब्रजमंडल यात्रा के दौरान उन्होंने विधानसभा में कहा था कि “अगर मोनू मानेसर नूंह में आया तो उसकी प्याज सी फोड़ देंगे।” यह बयान वायरल हुआ और बाद में उन पर मामला दर्ज हुआ। उन्हें गिरफ्तार किया गया, मगर बाद में जमानत मिल गई।
जांच के अनुसार, गैंगस्टर रोहित गोदारा विदेश में बैठकर राजनीतिक और साम्प्रदायिक अस्थिरता फैलाने की योजना पर काम कर रहा था। उसकी कोशिश थी कि मामन खान की हत्या के बाद राज्य में हिन्दू-मुस्लिम तनाव भड़काया जाए। STF अब इस साजिश से जुड़े अंतरराष्ट्रीय कनेक्शनों की जांच में जुटी है।
Author1