शिमला: मनीषा मित्तल हत्याकांड का CCTV आया सामने, सिर पर गोलियां दागकर की गई हत्या, संपत्ति विवाद के एंगल पर जांच तेज।
शिमला के मनीषा मित्तल हत्याकांड का CCTV फुटेज सामने आया है। पुलिस ने दोनों शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है और संपत्ति विवाद समेत कई एंगल पर जांच कर रही है।
मनीषा मित्तल हत्याकांड का CCTV फुटेज आया सामने
सिर पर गोलियां मारकर की गई हत्या, मौके पर हुई मौत
संपत्ति विवाद समेत कई एंगल पर पुलिस की जांच तेज
शिमला के चर्चित मनीषा मित्तल हत्याकांड में अब वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। फुटेज में दो हमलावर बेहद सुनियोजित तरीके से स्कूल परिसर के बाहर पहुंचते दिखाई देते हैं। पुलिस जांच के अनुसार जैसे ही मनीषा मित्तल बाहर आती हैं, आरोपी उनके करीब पहुंचकर उन पर गोलियां चला देते हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने सीधे सिर को निशाना बनाया था, जिससे मनीषा मित्तल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना का वीडियो अब जांच एजेंसियों के लिए महत्वपूर्ण साक्ष्य बन गया है और इससे आरोपियों की गतिविधियों को समझने में मदद मिल रही है।
यह सनसनीखेज वारदात 13 जून की शाम संजौली स्थित सरस्वती पैराडाइज इंटरनेशनल स्कूल के बाहर हुई थी। घटना के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए थे, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई थी।
हालांकि, शिमला पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब 39 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद कर लिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि हत्या पूरी योजना के तहत अंजाम दी गई थी। सीसीटीवी फुटेज में हमलावरों की गतिविधियां और घटनास्थल पर उनकी मौजूदगी कई अहम सवालों के जवाब दे सकती है। इसी आधार पर पुलिस अब हत्या के पीछे की साजिश और संभावित मास्टरमाइंड तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
पुलिस फिलहाल संपत्ति विवाद, पारिवारिक विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। कुछ मीडिया रिपोर्टों में संपत्ति से जुड़े विवाद की बात सामने आई है, लेकिन पुलिस ने अभी तक हत्या के मकसद को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
दोनों आरोपी फिलहाल पुलिस रिमांड पर हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हत्या की साजिश किसने रची, क्या किसी ने सुपारी दी थी और इस पूरे मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही मामले से जुड़े महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
pooja