हरियाणा के होटल में छापा, इस हालत में मिले युवतियां-युवक
महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में पुलिस ने थ्री आर होटल पर छापा मारकर संचालक और मैनेजर को गिरफ्तार किया। होटल से पूर्वांचल की तीन लड़कियां मिलीं। मानव तस्करी की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
- होटल पर छापा मारकर होटल संचालक और मैनेजर को किया गिरफ्तार
- होटल से तीन लड़कियां और तीन युवक मिले, लड़कियां पूर्वांचल राज्यों की बताई जा रही हैं
- पुलिस ने होटल मालिकों पर मानव तस्करी की धाराओं में दर्ज किया मामला
हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में पुलिस ने देह व्यापार के संदेह पर एक बड़े होटल पर छापा मारा। कार्रवाई में थ्री आर होटल के संचालक मनदीप और मैनेजर दीपक कुमार को गिरफ्तार किया गया। होटल से तीन युवतियां और तीन युवक भी पकड़े गए।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि सिंघाना रोड स्थित होटल में अवैध गतिविधियाँ चल रही हैं। इसी सूचना के आधार पर शहर थाना पुलिस ने कल देर शाम अचानक छापा मारा। होटल के कमरों की तलाशी में तीन युवतियाँ मिलीं, जिनकी पहचान पूर्वांचल राज्यों से जुड़ी बताई गई है। वहीं मौके से तीन युवक भी मिले, लेकिन उनकी आईडी स्थानीय होने की वजह से उन्हें छोड़ दिया गया।
जांच के बाद पुलिस ने होटल संचालक और मैनेजर को हिरासत में लिया। अधिकारियों ने बताया कि मामला ह्यूमन ट्रैफिकिंग से जुड़ा है। इस सिलसिले में दोनों आरोपियों पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।
थाना प्रभारी एसएचओ मुकेश कुमार ने कहा कि पुलिस एक मामले की जांच के लिए होटल पहुँची थी। वहां संदिग्ध हालात में लड़कियां मिलने के बाद छापेमारी की गई और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की गई है। फिलहाल होटल से मिली लड़कियों से पूछताछ जारी है, ताकि पूरे रैकेट का खुलासा हो सके।
Akhil Mahajan