हरियाणा में पुलिस और गो-तस्करों के बीच मुठभेड़, एक आरोपी घायल

नूंह में गो-तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि दूसरा फरार हो गया। पुलिस ने हथियार, वाहन और पांच गोवंश बरामद किए हैं।

हरियाणा  में पुलिस और गो-तस्करों के बीच मुठभेड़, एक आरोपी घायल

नूंह में गो-तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़, एक आरोपी के पैर में लगी गोली

पुलिस बैरिकेडिंग तोड़कर भागने की कोशिश, पीछा करने पर तस्करों ने की फायरिंग

देसी कट्टा, कारतूस, पिकअप वाहन और पांच गोवंश बरामद, एक आरोपी फरार

हरियाणा के नूंह जिले में गो-तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस और तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। घटना दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर उस समय हुई, जब पुलिस ने एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया। मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार पुन्हाना सीआईए की टीम नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़कर भागने का प्रयास किया।

इसके बाद पुलिस टीम ने वाहन का पीछा शुरू कर दिया। कुछ दूरी पर बाड़ी कोठी के पास पुलिस ने वाहन को घेर लिया। खुद को घिरता देख वाहन में सवार गो-तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार के अनुसार पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान एक आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। उसका दूसरा साथी मौके से फरार होने में सफल रहा।

घायल आरोपी की पहचान असलम पुत्र इब्राहिम निवासी मंदसौर, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देसी कट्टा, कारतूस, एक पिकअप वाहन और पांच गोवंश बरामद किए हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोवंश को अवैध रूप से ले जाया जा रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

घायल असलम को इलाज के लिए शहीद हसन खान मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, नल्हड़ में भर्ती कराया गया है। वहां उसका उपचार चल रहा है।

पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। साथ ही बरामद हथियार, वाहन और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है।