पंचकूला के प्राचीन शिव मंदिर में आग, आरती के दौरान मची अफरा-तफरी
पंचकूला के सेक्टर-9 स्थित प्राचीन शिव मंदिर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आरती के दौरान मची अफरा-तफरी के बीच सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पंचकूला के प्राचीन शिव मंदिर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग
आरती के दौरान मची अफरा-तफरी, सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाला गया
फायर ब्रिगेड ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
पंचकूला के सेक्टर-9 स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर में बुधवार रात अचानक आग लग गई। आग मंदिर के बाहर लगे बिजली के खंभे में हुए शॉर्ट सर्किट से शुरू हुई, जिसने देखते ही देखते मंदिर कार्यालय को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय मंदिर में शाम की आरती चल रही थी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सबसे पहले बिजली के खंभे में जोरदार धमाका हुआ। इसके बाद निकली चिंगारियां मंदिर कार्यालय तक पहुंच गईं। कार्यालय में रखे गद्दे, चादरें और अन्य ज्वलनशील सामान ने आग को तेजी से फैलने में मदद की।
आग लगते ही मंदिर परिसर की बिजली गुल हो गई, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि मंदिर प्रबंधन, पुजारियों और सेवादारों ने सूझबूझ दिखाते हुए श्रद्धालुओं को तुरंत सुरक्षित बाहर निकालना शुरू कर दिया। समय रहते सभी लोगों को बाहर निकाल लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। आग की वजह से मंदिर कार्यालय में रखा सामान जलकर राख हो गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। प्रशासन और बिजली विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं घटना के बाद मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्थाओं और बिजली सिस्टम की जांच भी शुरू कर दी गई है।
pooja