पानीपत में हथियारबंद बदमाशों का हमला, दो युवकों को अधमरा किया

पानीपत के अर्जुन नगर में 10-12 हथियारबंद बदमाशों ने मकान मालिक और किराएदार पर जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

पानीपत में हथियारबंद बदमाशों का हमला, दो युवकों को अधमरा किया

दो गाड़ियों में सवार 10-12 हथियारबंद बदमाशों ने घर के बाहर किया हमला

मकान मालिक और किराएदार को लाठी-डंडों, तलवार और गंडासी से पीटा

जातिसूचक गालियां और जान से मारने की धमकी देने का आरोप, केस दर्ज

पानीपत। शहर के अर्जुन नगर क्षेत्र में सरेआम गुंडागर्दी और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। यहां दो गाड़ियों में सवार होकर आए करीब 10 से 12 हथियारबंद बदमाशों ने घर के बाहर बैठे मकान मालिक और उसके किराएदार पर हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

पीड़ित यश ने थाना पुराना औद्योगिक के एसएचओ को दी शिकायत में बताया कि वह अपने किराएदार साहिल के साथ घर के बाहर बैठा हुआ था। इसी दौरान दो गाड़ियां वहां आकर रुकीं। गाड़ियों से निखिल उर्फ टिंकू, अमित उर्फ फुकरा और उनके साथ करीब 7 से 8 अन्य युवक हथियार लेकर नीचे उतरे।

शिकायत के अनुसार आरोपियों के हाथों में अवैध बंदूक, तलवार, गंडासी और लाठी-डंडे थे। आते ही उन्होंने बिना किसी बातचीत के यश और साहिल पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने दोनों को घेरकर हथियारों और डंडों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।

हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और लहूलुहान हालत में सड़क पर गिर पड़े। पीड़ित का आरोप है कि बदमाश उन्हें अधमरा छोड़कर मौके से फरार हो गए। आरोपियों ने उन्हें मरा हुआ समझ लिया था।

यश ने पुलिस को बताया कि आरोपी पहले भी साहिल को धमकी देकर जा चुके थे। हमले के दौरान बदमाशों ने उसे निशाना बनाते हुए जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और गंदी गालियां दीं। जाते समय आरोपी दोनों को दोबारा दिखाई देने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुराना औद्योगिक थाना पुलिस ने पीड़ित यश की शिकायत के आधार पर आरोपी निखिल उर्फ टिंकू, अमित उर्फ फुकरा और उनके अन्य साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।