पानीपत में उद्योगपति के परिवार पर हमला, दंपत्ति पर चाकू से वार, पिस्तौल की नोक पर लूट की कोशिश
पानीपत TDI में उद्योगपति के घर लूट की नीयत से घुसे बदमाश ने दंपति पर चाकू से हमला कर दिया। महिला की गर्दन पर गंभीर चोट लगी। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी मनोज मलिक को गिरफ्तार कर लिया।
➤ पानीपत TDI में उद्योगपति के घर लूट की नीयत से घुसे बदमाश ने किया हमला
➤ दंपति पर चाकू से जानलेवा वार, महिला की गर्दन पर गंभीर चोट
➤ पुलिस ने 24 घंटे के भीतर उग्राखेड़ी निवासी आरोपी मनोज मलिक को दबोचा
शहर के पॉश इलाके TDI सिटी में उस वक्त सनसनी फैल गई जब सुबह एक उद्योगपति के घर में हथियारबंद बदमाश घुस आया और लूट की नीयत से दंपति पर हमला कर दिया। घटना के समय घर के मालिक की पत्नी बेटी को कहीं छोड़कर लौटी थीं। इसी दौरान बदमाश खुले मुख्य गेट से अंदर घुसा और छिपकर बैठ गया।
जैसे ही महिला किचन से बेडरूम की ओर बढ़ीं, काले कपड़ों और हेलमेट पहने बदमाश ने अचानक सामने आकर उन पर हमला कर दिया। पहले उसने महिला को पिस्तौल दिखाकर धमकाया और फिर पति को पैसे देने के लिए कहा। पति के विरोध करने पर दोनों के बीच झड़प हो गई। संघर्ष के दौरान बदमाश ने महिला की गर्दन पर चाकू से वार कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, वार बेहद खतरनाक था और महज कुछ मिलीमीटर का फर्क महिला की जान बचा गया।
पीड़ित उद्योगपति गौरव खन्ना ने बताया कि बदमाश बार-बार पैसे की मांग कर रहा था और धमकी दे रहा था कि गोली मार देगा। संघर्ष के दौरान उन्होंने उसे धक्का देकर गिरा दिया और बाहर निकलकर दरवाजा खोलने की कोशिश की। तभी आरोपी ने महिला पर चाकू से हमला कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और CCTV फुटेज व तकनीकी जांच के आधार पर 24 घंटे के भीतर उग्राखेड़ी निवासी आरोपी मनोज मलिक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी अकेला ही वारदात को अंजाम देने आया था और घर में कैश लूटने का इरादा रखता था।
परिवार ने कहा कि यदि बदमाश का हेलमेट और कपड़ा उतर जाता तो शायद वह हत्या कर देता। उन्होंने पुलिस की तत्परता की सराहना की और कहा कि प्रशासन ने पूरे सहयोग से काम किया और आरोपी को तुरंत पकड़ लिया।
Akhil Mahajan