हाईवे पर भीषण हादसा, एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत
रेवाड़ी-जैसलमेर हाईवे पर ट्रक और स्कॉर्पियो की भीषण टक्कर में पति-पत्नी और बेटे की मौत हो गई। गैस कटर से गाड़ी काटकर शव बाहर निकाले गए।
रेवाड़ी-जैसलमेर हाईवे पर भीषण सड़क हादसे में 3 की मौत
ट्रक और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर में परिवार खत्म
गैस कटर से गाड़ी काटकर निकाले गए पति-पत्नी और बेटे के शव
हरियाणा के रेवाड़ी-जैसलमेर नेशनल हाईवे-11 पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा रविवार रात करीब डेढ़ बजे रेवाड़ी के धामलावास आईटीआई के पास हुआ, जहां स्कॉर्पियो और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भयंकर थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में पति-पत्नी और उनके इकलौते बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद गाड़ी पूरी तरह पिचक गई, जिसके चलते शवों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
मृतकों की पहचान गांव बोडिया कमालपुर निवासी ब्रजमोहन (40), उनकी पत्नी अनीता (38) और बेटे निमेष (13) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ब्रजमोहन एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत थे, जबकि उनकी पत्नी सरकारी अध्यापिका थीं।
जानकारी के अनुसार परिवार अपने बेटे निमेष का कोचिंग इंस्टिट्यूट में एडमिशन कराने के लिए गुरुग्राम से सीकर गया हुआ था। देर रात वापस लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया।
हादसे के बाद स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन में फंसे शवों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और राहत टीम को करीब दो घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। गैस कटर और हाइड्रा मशीन की मदद से गाड़ी को काटकर शव बाहर निकाले गए।
दुर्घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैफिक को नियंत्रित किया। इसके बाद तीनों शवों को कब्जे में लेकर रेवाड़ी नागरिक अस्पताल भिजवाया गया, जहां पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से गांव और परिचितों में मातम पसरा हुआ है।
pooja