हरियाणा में क्लर्क 4500 रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार, छुट्टी के बाद ACB ने पकड़ा
रेवाड़ी में ACB ने लाइसेंस क्लर्क अमरजीत को 4500 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी ने लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के नाम पर पैसे मांगे थे।
- रेवाड़ी में लाइसेंस क्लर्क 4500 रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
- छुट्टी के बाद अनाज मंडी में बुलाकर लिए पैसे, ACB ने दबोचा
- भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार दूसरे दिन ACB की बड़ी कार्रवाई
हरियाणा के रेवाड़ी जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई लगातार दूसरे दिन भी जारी रही। शुक्रवार देर रात ACB टीम ने लाइसेंस शाखा में कार्यरत क्लर्क अमरजीत को 4500 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार आरोपी अमरजीत HKRN के तहत लाइसेंस ब्रांच में क्लर्क के पद पर कार्यरत था। रेवाड़ी शहर के मोहल्ला छिपड़वाड़ा निवासी गौरव सैनी को लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनवाना था। इसी सिलसिले में उसकी मुलाकात क्लर्क अमरजीत से हुई।
आरोप है कि लाइसेंस बनाने के एवज में अमरजीत ने गौरव से 4700 रुपए की रिश्वत मांगी। बाद में दोनों के बीच 4500 रुपए में सौदा तय हो गया।
गौरव सैनी ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो को दे दी। शिकायत मिलने के बाद ACB टीम ने पूरे मामले की योजना बनाकर कार्रवाई शुरू की।
शुक्रवार को आरोपी क्लर्क ने गौरव को पैसे देने के लिए छुट्टी के बाद अनाज मंडी में बुलाया। जैसे ही अमरजीत ने रिश्वत की रकम अपने हाथ में ली, पहले से मौके पर मौजूद विजिलेंस और ACB टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
इस कार्रवाई के बाद सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। खास बात यह है कि इससे एक दिन पहले ही ACB ने होमगार्ड विभाग के कमांडेंट सुधीर को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था।
लगातार दूसरे दिन हुई इन कार्रवाइयों से यह साफ संकेत गया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में ACB अब सख्त कार्रवाई के मूड में है। फिलहाल आरोपी क्लर्क से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Akhil Mahajan