हरियाणा में निजी कंपनी में जोरदार ब्लास्ट, फैली आग में दो पुलिसकर्मियों समेत 35 लोग झुलसे; अफरातफरी
सेक्टर-24 में निजी कंपनी में ब्लास्ट के बाद भीषण आग। दो पुलिसकर्मियों समेत 35 लोग झुलसे, सिविल अस्पताल में इलाज जारी। दमकल और पुलिस टीमें मौके पर तैनात।
➤ सेक्टर-24 स्थित निजी कंपनी में जोरदार ब्लास्ट के बाद आग
➤ दो पुलिसकर्मियों सहित 35 लोग झुलसे, सिविल अस्पताल में भर्ती
➤ दमकल और पुलिस की टीमें राहत-बचाव में जुटीं
हरियाणा के फरीदाबाद में सेक्टर-24 स्थित एक निजी कंपनी में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने के दौरान जोरदार ब्लास्ट भी हुआ, जिसकी आवाज दूर तक सुनाई दी। धमाके के बाद कंपनी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कर्मचारी जान बचाकर बाहर की ओर भागते नजर आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरे परिसर में फैल गई। धुएं का गुबार आसमान में दूर से दिखाई दे रहा था। हादसे के दौरान वहां काम कर रहे कई कर्मचारी झुलस गए। बताया जा रहा है कि मौके पर हालात संभालने पहुंचे दो पुलिसकर्मी भी आग की चपेट में आकर झुलस गए।
घायलों को तत्काल इलाज के लिए फरीदाबाद सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक अब तक 35 लोगों को झुलसी हालत में लाया गया है, जिनका उपचार जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है और कंपनी परिसर को एहतियातन खाली करा लिया गया है।
फिलहाल आग लगने और ब्लास्ट के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट या केमिकल रिएक्शन की जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। इलाके में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। एरिया खाली करवाया गया है।
दमकल की गई गाड़ियां पहुंची, राहत-बचाव कार्य किया घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए बचाव कार्य शुरू किया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मी आग बुझाने में कामयाब हुए। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं। इस दौरान एहतियात के तौर पर इलाके को खाली करा लिया गया था।
CMO बोले- घायलों का इलाज जारी फरीदाबाद CMO (चीफ मेडिकल ऑफिसर) जयंत आहूजा के मुताबिक अभी तक 35 लोगों के जलने की सूचना मिली है। 12 लोग सरकारी अस्पताल और अन्य निजी अस्पतालों में भर्ती कराए गए हैं। अस्पताल प्रशासन ने तमाम डॉक्टर को मौके पर बुला लिया था। बेड खाली करवाकर घायलों का इलाज किया जा रहा है।
Akhil Mahajan