गुरुग्राम में शिखर धवन ने कराई शादी रजिस्टर, पत्नी संग साइन कर बनाई कानूनी जोड़ी

शिखर धवन ने गुरुग्राम में पत्नी सोफी शाइन के साथ अपनी शादी रजिस्टर कराई। दो महीने पहले हुई प्राइवेट शादी को अब कानूनी मान्यता मिल गई।

गुरुग्राम में शिखर धवन ने कराई शादी रजिस्टर, पत्नी संग साइन कर बनाई कानूनी जोड़ी
  • शिखर धवन ने गुरुग्राम में पत्नी सोफी संग मैरिज रजिस्टर कराई
  • दो महीने पहले प्राइवेट सेरेमनी में कर चुके हैं शादी
  • 69 करोड़ के लग्जरी अपार्टमेंट को लेकर भी रहे चर्चा में

पूर्व भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन ने बुधवार को गुरुग्राम में अपनी शादी को आधिकारिक रूप देते हुए मैरिज रजिस्ट्रेशन करवा लिया। धवन अपनी पत्नी सोफी शाइन के साथ रजिस्ट्रार ऑफिस पहुंचे, जहां दोनों ने जरूरी दस्तावेजों पर साइन किए। इस दौरान उनके कुछ करीबी लोग भी मौजूद रहे।
युजवेंद्र चहल ने शिखर धवन की शादी की फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी।

रजिस्ट्रार ऑफिस में धवन डार्क ब्लू टी-शर्ट और सोफी स्काई ब्लू टॉप में नजर आईं। डॉक्यूमेंट साइनिंग के दौरान माहौल हल्का-फुल्का रहा। एक व्यक्ति ने मजाक में कहा कि “पंडित का फोटो आ रहा है या नहीं”, जिस पर वहां मौजूद लोग हंस पड़े।

जानकारी के अनुसार, दोनों गुपचुप तरीके से विकास सदन स्थित मैरिज कोर्ट पहुंचे थे। यहां उन्होंने औपचारिकताएं पूरी कीं और कुछ समय तक मौजूद लोगों से बातचीत भी की। धवन हमेशा की तरह सनग्लासेज में कूल अंदाज में नजर आए।

बता दें कि धवन ने इसी साल 12 जनवरी को आयरिश मूल की गर्लफ्रेंड सोफी से सगाई की थी। इसके बाद 21 फरवरी को दिल्ली-एनसीआर में एक निजी समारोह में दोनों ने शादी कर ली थी। इस शादी की झलक युजवेंद्र चहल ने सोशल मीडिया पर साझा की थी, जिसमें वे ‘मौजां ही मौजां’ गाने पर डांस करते दिखे थे।

डॉक्यूमेंट पर साइन करतीं सोफी साइन।

धवन हाल ही में अपनी लक्जरी प्रॉपर्टी को लेकर भी चर्चा में रहे थे। उन्होंने गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड (सेक्टर-54) स्थित DLF के प्रोजेक्ट ‘द डाहलियास’ में करीब ₹69 करोड़ में एक शानदार अपार्टमेंट खरीदा था। लगभग 6,040 वर्ग फुट में फैले इस अपार्टमेंट में 5 कार पार्किंग और प्राइवेट एलिवेटर जैसी सुविधाएं हैं।

सोफी शाइन आयरलैंड की रहने वाली हैं और एक प्रतिष्ठित फाइनेंशियल कंपनी में कार्य कर चुकी हैं। उन्होंने मार्केटिंग और मैनेजमेंट की पढ़ाई की है। सोफी अक्सर धवन के सोशल मीडिया पोस्ट्स और वीडियो में भी नजर आती रहती हैं।

गौरतलब है कि धवन की पहली शादी आयशा मुखर्जी से हुई थी, जो साल 2023 में तलाक के साथ खत्म हुई। यह रिश्ता करीब 11 साल चला था। दोनों का एक बेटा भी है।