हरियाणा रोडवेज बस-ट्रैक्टर ट्रॉली भिड़ी, दो की मौत तीन घायल

हरियाणा के सिरसा में रोडवेज बस और ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर में दो लोगों की मौत और तीन घायल हो गए। बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और जांच शुरू कर दी।

हरियाणा रोडवेज बस-ट्रैक्टर ट्रॉली भिड़ी, दो की मौत तीन घायल
  • सिरसा में रोडवेज बस और ट्रैक्टर ट्रॉली की भीषण टक्कर
  • हादसे में दो की मौत, तीन घायल अस्पताल में भर्ती
  • बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित, रोड पर लगा जाम

हरियाणा के सिरसा जिले में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ऐलनाबाद क्षेत्र के हनुमानगढ़ रोड पर बाजीगरों की ढाणी के पास एक रोडवेज बस ने ट्रैक्टर ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर ट्रॉली सड़क पर पलट गई। हादसे में ट्रॉली में सवार महिलाएं और पुरुष सड़क पर गिर पड़े। इसमें दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब सवा 9 बजे हुआ। हरियाणा रोडवेज की बस सिरसा की ओर जा रही थी। हादसे के समय बस में कई यात्री सवार थे, हालांकि सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

मामले की जांच में सामने आया कि गांव ममेरा कलां रोड पर स्थित ढाणी से एक किसान नरमा फसल की चुगाई के लिए लेबर लेकर रामपुरा गांव जा रहा था। रास्ते में ही यह हादसा हो गया। मृतकों की पहचान ममेरा कलां की ढाणी के रहने वाले दो लोगों के रूप में हुई है। वहीं, ट्रैक्टर ड्राइवर को भी गंभीर चोटें आई हैं और उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से बस और ट्रैक्टर ट्रॉली को सड़क से हटवाया गया।

ऐलनाबाद थाना प्रभारी प्रगट सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को अस्पताल भेज दिया गया है और मृतकों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।