सोनीपत में ऑनर किलिंग से सनसनी, लव मैरिज की जिद पर बेटी की हत्या
सोनीपत के गोहाना में लव मैरिज की जिद पर 23 वर्षीय नर्सिंग छात्रा की उसके ही मां, पिता और भाई ने हत्या कर दी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
➤ लव मैरिज की जिद पर बेटी की हत्या, परिवार ने दिया वारदात को अंजाम
➤ पुलिस को कॉल के बावजूद नहीं बच सकी छात्रा, घर में ही हुई हत्या
➤ मां-पिता और भाई गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा रिमांड पर
सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना से दिल दहला देने वाली ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है, जहां एक 23 वर्षीय नर्सिंग छात्रा की उसके ही मां, पिता और भाई ने हत्या कर दी। युवती का कसूर सिर्फ इतना था कि वह अपनी पसंद के युवक से शादी करना चाहती थी, लेकिन परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था।
मृतका की पहचान चीनू (23) के रूप में हुई है, जो गोहाना की देवीनगर कॉलोनी की रहने वाली थी और नर्सिंग का कोर्स कर रही थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि चीनू पिछले करीब दो वर्षों से एक युवक के संपर्क में थी और उससे विवाह करना चाहती थी, लेकिन परिवार उसकी शादी कहीं और करना चाहता था। इसी बात को लेकर घर में लंबे समय से विवाद चल रहा था।
रविवार को विवाद ने भयावह रूप ले लिया। झगड़े के दौरान चीनू ने खुद को बचाने के लिए डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को मौके पर बुलाया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घर पहुंची, लेकिन तभी हालात और बिगड़ गए। आरोप है कि मां ने घर का मुख्य गेट अंदर से बंद कर दिया, जिससे पुलिस अंदर नहीं जा सकी और युवती बाहर नहीं निकल पाई।
इसी दौरान पिता गुस्से में रसोई से चाकू लेकर आया और बेटी पर हमला कर दिया। युवती ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन हमले में उसकी जान चली गई। जब पुलिस टीम छत के रास्ते घर के अंदर पहुंची तो युवती का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पिता, मां और भाई को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। अब पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और घटना के सभी पहलुओं को खंगाल रही है।
यह घटना एक बार फिर समाज में ऑनर किलिंग जैसी कुप्रथा पर गंभीर सवाल खड़े करती है, जहां परिवार की तथाकथित इज्जत के नाम पर अपने ही खून के रिश्तों को खत्म कर दिया जाता है।
Akhil Mahajan