मोबाइल विवाद ने ली जान, युवक की पीट-पीटकर हत्या चारपाई से बांधकर की बेरहमी, 12 दिन बाद युवक ने तोड़ा दम

सोनीपत में मोबाइल चार्जिंग को लेकर हुए विवाद में युवक की चारपाई से बांधकर पिटाई की गई। 12 दिन बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, तीन आरोपियों पर हत्या का केस दर्ज।

मोबाइल विवाद ने ली जान, युवक की पीट-पीटकर हत्या चारपाई से बांधकर की बेरहमी, 12 दिन बाद युवक ने तोड़ा दम

चारपाई से बांधकर युवक की पीट-पीटकर हत्या
मोबाइल चार्जिंग को लेकर शुरू हुआ विवाद बना जानलेवा
तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज, पुलिस तलाश में जुटी


हरियाणा के सोनीपत जिले में एक मामूली विवाद ने दिल दहला देने वाली घटना का रूप ले लिया, जहां चार्जिंग पर लगे मोबाइल फोन को लेकर शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि एक युवक की जान चली गई। गन्नौर क्षेत्र के गांव पांची जाटान में 32 वर्षीय कमलजीत को पड़ोसियों ने चारपाई से बांधकर लाठी-डंडों और कस्सी के बिंडों से बेरहमी से पीटा। गंभीर रूप से घायल युवक ने करीब 12 दिन तक अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ी, लेकिन 6 अप्रैल 2026 को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना 24 मार्च की शाम की है, जब कमलजीत अपने पड़ोसी रामदास के घर अपना मोबाइल लेने गया था, जो वहां चार्जिंग पर लगा हुआ था। आरोप है कि फोन देने से मना करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।

युवक को चारपाई पर बांधकर पीटा गया और आरोपी परिजनों को देखकर भाग गए।
पीड़ित के पिता जयपाल के अनुसार, रामदास, भगवान दास और सोनू ने मिलकर पहले कमलजीत को चारपाई से बांधा और फिर उस पर लाठी-डंडों व कस्सी के बिंडों से हमला किया। काफी देर तक जब कमलजीत घर नहीं लौटा, तो परिजन मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने उसे गंभीर हालत में देखा। परिजनों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना तुरंत 112 नंबर पर दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को एंबुलेंस के जरिए CHC गन्नौर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे BPS खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उसका इलाज शुरू हुआ।

करीब 12 दिन तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद कमलजीत ने 6 अप्रैल को दम तोड़ दिया। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, उसके शरीर पर छह गंभीर चोटें पाई गईं, जो सभी कुंद हथियारों से लगी थीं। डॉक्टरों ने इन चोटों को जानलेवा बताया।

युवक की खानपुर मेडिकल में इलाज के दौरान मौत हो गई
पुलिस के अनुसार, शुरुआत में यह मामला पड़ोसियों के बीच का होने के कारण मृतक के पिता ने कार्रवाई से इनकार कर दिया था और समय मांगा था। लेकिन बेटे की मौत के बाद उन्होंने लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।गन्नौर थाना पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर रामदास, भगवान दास और सोनू के खिलाफ BNS की धारा 103(1) और 3(5) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।