यमुनानगर में तांत्रिक सिद्धि के नाम पर मासूम की बलि! 4 साल के बच्चे की ह*त्या, चचेरी बहन और जीजा गिरफ्तार

यमुनानगर में तांत्रिक सिद्धि के लिए 4 साल के मासूम की हत्या का खुलासा हुआ है। चचेरी बहन और जीजा ने श्मशान में बच्चे की बलि दी।

यमुनानगर में तांत्रिक सिद्धि के नाम पर मासूम की बलि!  4 साल के बच्चे की ह*त्या, चचेरी बहन और जीजा गिरफ्तार

तांत्रिक सिद्धि के नाम पर 4 साल के मासूम की हत्या
चचेरी बहन और जीजा ने श्मशान में दी बच्चे की बलि
गर्दन तोड़कर हत्या, शव ट्यूबल के पास फेंका गया


यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर जिले से मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां तांत्रिक सिद्धि के नाम पर 4 साल के मासूम बच्चे की बलि दे दी गई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि इस हत्या को अंजाम देने वाले कोई और नहीं, बल्कि बच्चे की चचेरी बहन भारती और उसका पति शिवकुमार थे।

यह सनसनीखेज वारदात 30 जुलाई को यमुनानगर के कामी माजरा गांव में हुई। बच्चे के लापता होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तलाश शुरू की थी। कुछ समय बाद मासूम का शव खेतों में बने ट्यूबल के पास बरामद हुआ। शुरुआती जांच में मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए थे।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि मासूम की गला घोटकर और गर्दन तोड़कर हत्या की गई थी। इसके बाद मामले की जांच CIA स्टाफ को सौंपी गई।

CIA की गहन जांच में चौंकाने वाला सच सामने आया। पुलिस के अनुसार, आरोपी तंत्र विद्या में सिद्धि पाने और दुनिया पर राज करने की सनक में थे। इसी उद्देश्य से उन्होंने मासूम को श्मशान ले जाकर मौत के घाट उतार दिया और शव को ट्यूबल के पास फेंक दिया।

जांच में यह भी सामने आया कि जिस दिन बच्चा लापता हुआ, उसी दिन आरोपी महिला अपने बच्चों का जन्मदिन धूमधाम से मना रही थी। इसी दौरान मासूम को बहला-फुसलाकर किडनैप किया गया।

पुलिस ने जब भारती और शिवकुमार से पूछताछ की तो शुरुआत में दोनों ने अपराध से इनकार किया। लेकिन सबूत सामने आने के बाद सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

CIA स्टाफ के अनुसार, मामले में सभी कानूनी पहलुओं की जांच पूरी कर ली गई है और आगे की कार्रवाई जारी है।