हरियाणा पुलिस भर्ती की दौड़ के दौरान युवक की मौत, ट्रैक पर गिरा अभ्यर्थी; पत्नी गर्भवती, 3 साल की बेटी

पंचकूला में हरियाणा पुलिस कांस्टेबल भर्ती की शारीरिक परीक्षा के दौरान महेंद्रगढ़ निवासी 27 वर्षीय कपिल की दौड़ के दौरान तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मामले की जांच जारी है।

हरियाणा पुलिस भर्ती की दौड़ के दौरान युवक की मौत, ट्रैक पर गिरा अभ्यर्थी; पत्नी गर्भवती, 3 साल की बेटी

➤ पंचकूला में पुलिस भर्ती की दौड़ के दौरान ट्रैक पर गिरा अभ्यर्थी

अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

महेंद्रगढ़ के कपिल की मौत से परिवार और गांव में शोक


हरियाणा पुलिस कांस्टेबल भर्ती के तहत पंचकूला में आयोजित शारीरिक दक्षता परीक्षा (PST) के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। महेंद्रगढ़ जिले के सैदापुर गांव निवासी 27 वर्षीय कपिल की दौड़ के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। ट्रैक पर गिरने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, बुधवार को आयोजित 2.5 किलोमीटर की दौड़ में कपिल ने पहला राउंड सफलतापूर्वक पूरा किया। दूसरे राउंड के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह ट्रैक पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्काल उसे प्राथमिक सहायता दी और पंचकूला सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चंडीगढ़ रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उसकी हार्ट बीट बढ़ने की बात सामने आई है। हालांकि, मौत के सटीक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मेडिकल जांच के बाद ही हो सकेगी।

मृतक कपिल लंबे समय से हरियाणा पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था। भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए वह बुधवार सुबह पंचकूला पहुंचा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही भर्ती स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

परिवार के अनुसार, कपिल की चार वर्ष पहले शादी हुई थी। वह तीन साल की बेटी का पिता था और उसकी पत्नी गर्भवती है। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव सैदापुर में भी शोक का माहौल है।

पंचकूला सेक्टर-21 पुलिस चौकी के प्रभारी एसआई दीदार सिंह ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल मामले में इतफाकिया कार्रवाई की गई है।