अकाल तख्त ने सीएम भगवंत मान को किया तलब, जानें वजह

अकाल तख्त साहिब ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को 15 जनवरी को तलब किया है। सिख मर्यादा उल्लंघन के आरोपों पर सीएम मान ने आदेश को सिर-मत्थे बताया।

अकाल तख्त ने सीएम भगवंत मान को किया तलब, जानें वजह

➤ अकाल तख्त ने सीएम भगवंत मान को 15 जनवरी को किया तलब
➤ सिख मर्यादा के खिलाफ टिप्पणी और कृत्य का आरोप
➤ सीएम मान बोले, आदेश सिर-मत्थे, सामान्य सिख बनकर करूंगा पेशी


चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को श्री अकाल तख्त साहिब ने तलब किया है। जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने मुख्यमंत्री को 15 जनवरी को अकाल तख्त साहिब के समक्ष निजी तौर पर पेश होने के निर्देश दिए हैं। उन पर सिखी मान-मर्यादा और सिद्धांतों के विरुद्ध टिप्पणी और कृत्य करने के आरोप लगाए गए हैं।

अकाल तख्त द्वारा तलब किए जाने के बाद सीएम भगवंत मान का बयान भी सामने आ गया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब का आदेश उनके लिए सर्वोपरि है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि वे किसी पद के अहंकार में नहीं, बल्कि एक सामान्य सिख के रूप में अकाल तख्त के सामने पेश होंगे।

सीएम मान ने लिखा कि श्री अकाल तख्त साहिब जी का आदेश उनके सिर-मत्थे है और वे नंगे पैर चलने वाले एक सिख के तौर पर वहां हाजिरी लगाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अकाल तख्त साहिब और उस पवित्र तख्त का आदेश उनके लिए पहले भी सर्वोच्च था और आगे भी रहेगा

इस बयान के बाद सिख संगठनों और राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब सभी की नजरें 15 जनवरी पर टिकी हैं, जब मुख्यमंत्री अकाल तख्त साहिब के समक्ष पेश होंगे।