गैंगस्टर लॉरेंस का भाई अनमोल बिश्नोई अमेरिका से डिपोर्ट, दिल्ली पहुंचेगा

अवैध एंट्री के आरोप में अमेरिका ने लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल को डिपोर्ट किया। अनमोल पर बाबा सिद्दीकी और सिद्धू मूसेवाला मर्डर सहित कई केस दर्ज हैं। सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हैं।

गैंगस्टर लॉरेंस का भाई अनमोल बिश्नोई अमेरिका से डिपोर्ट, दिल्ली पहुंचेगा
  • गैंगस्टर लॉरेंस का भाई अनमोल बिश्नोई अमेरिका से डिपोर्ट, IGI एयरपोर्ट पर लैंड करेगा

  • अनमोल के साथ 3 भारतीय डिपोर्ट, कारण अमेरिकी बॉर्डर उल्लंघन; क्राइम लिंक नहीं

  • बाबा सिद्दीकी मर्डर, मूसेवाला केस और सलमान खान फायरिंग में नाम, NIA की वांटेड लिस्ट में शामिल


गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से डिपोर्ट किया जा रहा है। अमेरिका ने 200 लोगों को वापस भेजा है, जिनमें 3 भारतीय शामिल हैं। इनमें अनमोल के अलावा दो लोग पंजाब के बताए गए हैं। यह सभी मंगलवार सुबह दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर लैंड करेंगे।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अनमोल का डिपोर्टेशन उसकी अवैध तरीके से अमेरिका में एंट्री से जुड़ा है। उसकी गिरफ्तारी भी इसी मामले में हुई थी। अमेरिकी एजेंसियों ने साफ कर दिया है कि यह कार्रवाई भारत में उसके क्राइम से जुड़ी नहीं है।

दिलचस्प बात यह है कि अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (DHS) ने NCP लीडर रहे बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी को ईमेल भेजकर अनमोल के डिपोर्टेशन की जानकारी दी। जीशान ने इस ईमेल की पुष्टि भी की है। ईमेल में लिखा है कि अनमोल को 18 नवंबर 2025 को डिपोर्ट किया गया है।

अनमोल बिश्नोई का नाम भारत में कई बड़े मामलों में आ चुका है। वह NCP नेता बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या, पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला मर्डर और सलमान खान के घर पर फायरिंग केस में आरोपी है। अनमोल NIA की वांटेड लिस्ट में शामिल है और उस पर ₹10 लाख का इनाम घोषित है।

जीशान सिद्दीकी ने कहा कि अनमोल समाज के लिए खतरा है। वे बोले कि हमारे पिता की हत्या में उसका जिक्र आया था। सलमान खान केस में भी उसका नाम बार-बार आ रहा है। उनका कहना है कि अनमोल को मुंबई लाकर पूछताछ बेहद जरूरी है, ताकि पता चले कि हत्या का आदेश किसने दिया

जीशान ने कहा कि हम एक साल से अधिक समय से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं। कुछ लोग जेल में हैं, पर असली सवाल अभी भी वही है—इस वारदात को करवाने के पीछे आखिर कौन था

उधर, पिछले सप्ताह बॉम्बे हाईकोर्ट ने महाराष्ट्र सरकार से जवाब मांगा है। यह जवाब बाबा सिद्दीकी की पत्नी द्वारा दायर उस याचिका पर मांगा गया, जिसमें हत्या की जांच स्वतंत्र एजेंसी या कोर्ट-निगरानी वाली SIT से कराने की मांग की गई है।

12 अक्टूबर 2024 को रात करीब 9:30 बजे मुंबई के बांद्रा के खेरवाड़ी सिग्नल पर बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या की गई थी। इस मर्डर की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली थी।

इस केस में यूपी के हरीश कुमार, हरियाणा के गुरमैल बलजीत सिंह, यूपी के धर्मराज कश्यप और पुणे के प्रवीण लोनकर को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में जालंधर के जीशान अख्तर का नाम सामने आया। शूटर्स के साथ वह मौके पर था और लॉरेंस के भाई अनमोल से फोन पर लगातार संपर्क में था।

सिद्दीकी पर गोलियां चलने के बाद उसने अनमोल को फोटो और वीडियो भेजकर कन्फर्म किया कि बाबा की मौत हो चुकी है। इसके बाद वह वहां से फरार हो गया था।